नई दिल्ली: निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) और उसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर नया इतिहास रच दिया है। फिल्म में रणवीर सिंह के स्वैग की चर्चा तो है ही, लेकिन जिस किरदार ने सबसे ज्यादा महफिल लूटी है, वह है चौधरी असलम खान का रोल, जिसे संजय दत्त ने जीवंत किया है। सफेद कुर्ते-पायजामे में हाथ में बड़ी गन थामे संजय दत्त का यह अवतार असल जिंदगी के एक ऐसे पुलिस अफसर से प्रेरित है, जो खुद ‘संजू बाबा’ का बहुत बड़ा मुरीद था।
संजय दत्त की फिल्म ‘खलनायक’ ने बदला था असलम का अंदाज
फिल्म ‘धुरंधर’ में संजय दत्त ने पाकिस्तानी पुलिस ऑफिसर SP चौधरी असलम खान का किरदार निभाया है। पूर्व जर्नलिस्ट अनिरुद्ध मित्रा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में खुलासा किया कि असली चौधरी असलम खान संजय दत्त के इतने बड़े फैन थे कि उन्होंने अपना नाम ही ‘बाबा कॉप’ रख लिया था। बताया जाता है कि 1993 की सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ देखने के बाद असलम खान संजय दत्त के मुरीद हो गए थे। उन्होंने न केवल संजय दत्त का ‘बाबा’ नाम अपनाया, बल्कि उनके चलने-बोलने और ड्रेसिंग स्टाइल को भी अपनी असल जिंदगी में उतार लिया था।
कौन थे असली चौधरी असलम खान?
आदित्य धर ने अपनी फिल्म में चौधरी असलम के किरदार को बेहद गहराई से बुना है। असल जिंदगी में असलम खान का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था:
-
भर्ती और पहचान: 1963 में जन्मे असलम खान 1980 में सिंध पुलिस में भर्ती हुए थे।
-
तालिबान का हंटर: उन्हें पाकिस्तान में ‘तालिबान का हंटर’ और ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के नाम से जाना जाता था।
-
गैंगस्टर का काल: 2000 के दशक में उन्होंने कराची में गैंगस्टरों और आतंकवादियों के खिलाफ मोर्चा खोलकर सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म में बलोच विद्रोहियों के साथ उनकी दुश्मनी को भी प्रमुखता से दिखाया गया है।
‘शोले’ के दौर की याद दिला रही है ‘धुरंधर’
फिल्म समीक्षकों और मेकर्स ने ‘धुरंधर’ की तुलना क्लासिक फिल्म ‘शोले’ के दौर से की है। फिल्म में जिस तरह से पाकिस्तान की राजनीति, अंडरवर्ल्ड, ISI और गैंगवॉर को फिल्माया गया है, उसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया है। फिल्म की सफलता का आलम यह है कि रिलीज के कुछ ही दिनों में इसने 500 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है। रजनीकांत से लेकर एसएस राजामौली तक, साउथ के बड़े सितारों ने भी आदित्य धर के निर्देशन और संजय दत्त-रणवीर सिंह की परफॉरमेंस की तारीफ की है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया