नई दिल्ली। हिंदू पंचांग के अनुसार, साल का दूसरा और बेहद शुभ माना जाने वाला ‘वैशाख मास’ कल यानी 3 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रहा है। आध्यात्मिक दृष्टि से वैशाख का महीना भगवान विष्णु की आराधना के लिए सर्वोत्तम माना गया है। स्कंद पुराण के अनुसार, जिस प्रकार विद्याओं में वेद और नदियों में गंगा श्रेष्ठ है, उसी प्रकार मासों में वैशाख मास को उत्तम फलदायी बताया गया है। इस पूरे महीने में स्नान, दान और जप का विशेष महत्व है, जो मनुष्य के संचित पापों का नाश कर उसे अक्षय पुण्य की प्राप्ति कराता है।
श्रीहरि की पूजा और विशेष तिथियों का महत्व
वैशाख मास में विशेष रूप से अक्षय तृतीया, एकादशी और द्वादशी तिथियों पर भगवान मधुसूदन की पूजा का विधान है। मान्यता है कि जो श्रद्धालु सूर्योदय काल में स्नान कर भगवान विष्णु की कथा सुनते हैं और दान-पुण्य करते हैं, वे वैकुंठ लोक के अधिकारी बनते हैं। विशेष रूप से शुक्ल पक्ष की द्वादशी को तुलसी दलों से पूजन करने वाले भक्त अपने पूरे कुल का उद्धार कर देते हैं। इसके अतिरिक्त, जो लोग त्रयोदशी तिथि को पंचामृत (दूध, दही, शक्कर, घी और शहद) से भगवान का अभिषेक करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में शाम के समय जरूरतमंदों को शरबत या शीतल जल पिलाना पुराने पापों से मुक्ति दिलाने वाला माना गया है।
अक्षय तृतीया और एकादशी: पुण्य प्राप्ति के विशेष योग
इस माह में आने वाली ‘अक्षय तृतीया’ को अबूझ मुहूर्त माना जाता है, जिसमें किया गया कोई भी शुभ कार्य कभी क्षय नहीं होता। वहीं, वैशाख की मोहिनी एकादशी पर रात्रि जागरण करने वाले जातकों को जीवनमुक्त माना गया है। द्वादशी के दिन योग्य पात्र को अन्न दान करने से करोड़ों ब्राह्मणों को भोजन कराने के समान पुण्य मिलता है। इस महीने की अमावस्या और पूर्णिमा भी पितृ तर्पण और पवित्र नदियों में स्नान के लिए अत्यंत शुभ मानी जाती हैं।
वैशाख माह 2026 के प्रमुख व्रत और त्योहारों की सूची
वैशाख के इस पावन महीने में कई महत्वपूर्ण जयंती और पर्व पड़ रहे हैं। अपनी डायरी में नोट कर लें ये मुख्य तिथियां:
-
3 अप्रैल 2026: वैशाख माह का भव्य आरंभ
-
5 अप्रैल 2026: विकट संकष्टी चतुर्थी (बड़ी चतुर्थी)
-
13 अप्रैल 2026: वरुथिनी एकादशी, वल्लभाचार्य जयंती
-
14 अप्रैल 2026: मेष संक्रांति, बैसाखी (सौर नववर्ष)
-
17 अप्रैल 2026: वैशाख अमावस्या (पितृ कार्य के लिए श्रेष्ठ)
-
19 अप्रैल 2026: अक्षय तृतीया, परशुराम जयंती, त्रेता युग प्रारंभ
-
21 अप्रैल 2026: शंकराचार्य जयंती, सूरदास जयंती
-
23 अप्रैल 2026: गंगा सप्तमी
-
25 अप्रैल 2026: सीता नवमी
-
27 अप्रैल 2026: मोहिनी एकादशी
-
30 अप्रैल 2026: नृसिंह जयंती, छिन्नमस्ता जयंती
-
1 मई 2026: वैशाख पूर्णिमा, बुद्ध पूर्णिमा
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया