मालदा/पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया है। मालदा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी को ‘देशद्रोही’ करार दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने विदेशी ताकतों के सामने देश के हितों को बेच दिया है।
“आंख से आंख नहीं मिला पाते प्रधानमंत्री”— राहुल गांधी
राहुल गांधी ने रैली में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनसे नजरें मिलाने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। उन्होंने कहा, “जब मैं उनकी आंखों में देखता हूं, तो वह नीचे देखने लगते हैं। उनकी 56 इंच की छाती की बात एक मजाक है। वह देश के प्रधानमंत्री जरूर हैं, लेकिन वह देशभक्त नहीं बल्कि देशद्रोही हैं।” राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने देश का पूरा डेटा और कृषि क्षेत्र अमेरिका के हवाले कर दिया है।
ट्रंप और अडानी को लेकर सनसनीखेज दावे
राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ हुई हालिया ट्रेड डील पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि पीएम मोदी पूरी तरह से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारों पर काम कर रहे हैं।
-
ट्रंप का प्रभाव: राहुल ने कहा, “ट्रंप यदि उन्हें कूदने को कहें तो वह कूदेंगे। वह ट्रंप के सामने सिर्फ ‘यस सर, यस सर’ करते हैं। ट्रंप का कहना है कि वह दो मिनट में मोदी का करियर खत्म कर देंगे, और मोदी चूं तक नहीं कर पाते।”
-
अडानी का मुद्दा: राहुल ने उद्योगपति गौतम अडानी पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का हर ठेका अडानी को मिलता है क्योंकि वह सरकार और मीडिया चलाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अडानी की कंपनी का नाम ‘मोदानी’ होना चाहिए।
SIR और वोटर लिस्ट से हटे नामों पर बड़ा वादा
पश्चिम बंगाल में चल रहे SIR (State Identity Register) विवाद पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि असंवैधानिक तरीके से बड़ी संख्या में लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं।
“जिन लोगों के नाम साजिश के तहत काटे गए हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की सरकार आने पर उन सभी नामों को वापस जोड़ा जाएगा। बीजेपी और आरएसएस लोकतंत्र को खत्म करने पर तुले हैं।”
“नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान”
राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा कि नफरत देश को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह नफरत एक परिवार को खत्म कर देती है, वही स्थिति आज देश की हो गई है। राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने अमेरिका के साथ ऐसी ट्रेड डील की है जिससे हर साल 9 लाख करोड़ का माल भारत को अमेरिका से खरीदना पड़ेगा, जो हमारे स्थानीय उद्योगों को बर्बाद कर देगा।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया