नई दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के अभेद्य किले को ढहाने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य की कमान किसके हाथ में होगी। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बंगाल और असम में मुख्यमंत्री के चयन के लिए कसरत तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नामों की घोषणा कर दी है, जो विधायक दल के नेता का चुनाव संपन्न कराएंगे।
बंगाल के लिए अमित शाह बने ‘सुपर ऑब्जर्वर’
पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक और ‘बंपर’ जीत के बाद भाजपा ने अपने सबसे भरोसेमंद रणनीतिकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अमित शाह सीधे तौर पर विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाएंगे। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है, जो बंगाल में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और नवनिर्वाचित विधायकों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे।
असम में जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी को जिम्मेदारी
पूर्वोत्तर के द्वार असम में भाजपा ने जीत की शानदार हैट्रिक लगाई है। यहां विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक की भूमिका दी गई है। यह दोनों नेता असम के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर सरकार गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे।
बंगाल में भाजपा का ‘206’ का जादुई आंकड़ा
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने 206 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की आवश्यकता थी (फालता में चुनाव रद्द होने के कारण फिलहाल आंकड़ा 147 है), लेकिन भाजपा ने इस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ते हुए दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। इस जीत के साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
असम में एनडीए का प्रचंड बहुमत: पहली बार भाजपा अकेले बहुमत के पार
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 102 सीटें जीतकर विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। भाजपा ने पहली बार राज्य में अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा पार किया है। पार्टी ने लड़ी गई 90 सीटों में से 82 पर जीत दर्ज की। वहीं सहयोगी दल बीपीएफ (BPF) ने 10 और अगप (AGP) ने 10 सीटों पर कब्जा जमाया है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया