लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान आयुष, व्यावसायिक शिक्षा और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के लिए चयनित 481 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘भ्रष्ट और अराजक’ छवि से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है।
9 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन रोजगार’ के तहत प्रदेश सरकार अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज की भर्ती प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर सिफारिश या अनैतिक साधनों की कोई गुंजाइश नहीं है। सीएम ने कहा, “पिछले 15 दिनों के भीतर यह चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है, जो हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
सिफारिश और भ्रष्टाचार के युग का अंत
सीएम योगी ने पिछली व्यवस्थाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्तियां पैसा, जाति, मत और मजहब देखकर होती थीं, जिससे योग्य युवाओं का शोषण होता था। उन्होंने कहा, “अगर कोई घूसखोर सिस्टम में आ जाता, तो वह 30-35 साल तक व्यवस्था को घुन की तरह खोखला करता। हमने पहले दिन से ही भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और लीकेज को समाप्त करने का संकल्प लिया था, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।”
अर्थव्यवस्था और बजट में तीन गुना बढ़ोतरी
प्रदेश की आर्थिक प्रगति का ब्योरा देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय, वार्षिक बजट और समग्र अर्थव्यवस्था अब तीन गुना बढ़ चुकी है। यूपी अब एक ‘रेवेन्यू सरप्लस’ राज्य है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी के नाम से लोग कतराते थे, लेकिन आज यूपी का नाम सुनते ही सम्मान का भाव जगता है। यह परसेप्शन (नजरिए) में आया सबसे बड़ा बदलाव है।
MSME और औद्योगिक विकास में रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने एमएसएमई (MSME) सेक्टर की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा:
-
प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में आज 3 करोड़ से अधिक लोग रोजगार पा रहे हैं।
-
पिछले 9 वर्षों में बड़े उद्योगों की संख्या 14,000 से बढ़कर 32,000 के पार पहुंच गई है।
-
यूपी अब देश के बॉटम-3 राज्यों से निकलकर टॉप-3 राज्यों में शामिल हो गया है।
आईटीआई का आधुनिकरण और स्किल्ड मैनपावर
व्यावसायिक शिक्षा विभाग की भूमिका पर चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ मिलकर 150 से अधिक आईटीआई (ITI) को आधुनिक बनाया गया है। अब युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में ट्रेनिंग दी जा रही है। आज नियुक्त हुए 272 अनुदेशक उद्योगों की मांग के अनुरूप स्किल्ड मैनपावर तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया