Gadar 3 Confirmed: सकीना ने भरी हुंकार! अमीषा पटेल ने ‘गदर 3’ पर लगाई मुहर

मुंबई। तारा सिंह और सकीना की प्रेम कहानी ने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर हलचल पैदा कर दी है। ‘गदर’ और ‘गदर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब इस फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म की लीड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने आधिकारिक तौर पर ‘गदर 3’ (Gadar 3) की पुष्टि कर दी है। एक्ट्रेस ने न केवल फिल्म के आने का एलान किया, बल्कि यह भी दावा किया कि इस बार धमाका पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और धमाकेदार होने वाला है।

500 करोड़ तो बस शुरुआत है: अमीषा पटेल

अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया के जरिए ‘गदर 3’ को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया। उन्होंने लिखा, “गदर 3 जल्द आएगी और जब यह रिलीज होगी, तो सिनेमाघरों में जबरदस्त हंगामा मचेगा। दर्शकों के प्यार और ईश्वर के आशीर्वाद से 500 करोड़ रुपये का कलेक्शन ‘गदर’ जैसे ब्रांड के लिए एक छोटा नंबर है। इस बार फिल्म का स्केल, स्क्रिप्ट और एक्शन पहले से कहीं ज्यादा बड़े और प्रभावशाली होंगे। बस तैयार रहिए!”

फेक पीआर मशीनरी पर कसा तंज

अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का जिक्र करते हुए अमीषा पटेल ने इंडस्ट्री की अन्य अभिनेत्रियों और उनकी पीआर टीम पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “‘कहो ना प्यार है’, ‘गदर’ और ‘गदर 2’… मेरे पास बतौर हीरोइन तीन सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्में हैं। यह मेरे को-स्टार्स के करियर की भी सबसे बड़ी हिट्स हैं, लेकिन मेरी फेक पीआर मशीनरी अन्य अभिनेत्रियों की तरह मजबूत नहीं है। एक स्टार ग्लोबल स्टार तभी बनता है जब उसकी फिल्में पूरी दुनिया में नाम कमाती हैं। यह पीआर का खेल अब बंद होना चाहिए।”

सकीना के किरदार से है खास लगाव

हाल ही में एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए अमीषा ने कहा था कि वह ‘सकीना’ के किरदार को बेहद पसंद करती हैं। उन्हें इस रोल के लिए जो सम्मान और प्यार मिला है, वह उनके लिए अनमोल है। एक्ट्रेस ने साफ किया कि अगर ‘गदर 3’ की स्क्रिप्ट उन्हें पसंद आती है, तो वह इस प्रोजेक्ट को खुशी-खुशी करेंगी।

गदर 2 से हुई थी दमदार वापसी

साल 2001 में आई ‘गदर’ के बाद साल 2023 में रिलीज हुई ‘गदर 2’ ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। इस फिल्म के जरिए अमीषा पटेल ने लंबे ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी। सनी देओल के साथ उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने एक बार फिर सिर आंखों पर बिठाया। हालांकि 2024 में आई उनकी फिल्म ‘तौबा तेरा जलवा’ कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी, लेकिन ‘गदर 3’ की घोषणा ने एक बार फिर फैंस के बीच उत्साह भर दिया है।

Check Also

बॉलीवुड की पहली ‘बॉम्बशेल’ बेगम पारा, जिनकी बोल्डनेस से नफरत करते थे दिलीप कुमार; अमेरिकी सैनिकों में था गजब का क्रेज

हिंदी सिनेमा के ‘ट्रैजेडी किंग’ दिलीप कुमार (Dilip Kumar) की फिल्में, उनकी एक्टिंग और उनकी …