चंपत राय से जुड़ा ड्राइवर भी करोड़पति, महल जैसे घर में लगाई लिफ्ट! राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद में संतोष दुबे का ED और बुलडोजर पर बड़ा सवाल

अयोध्या। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और हेराफेरी का मामला अब हर बीतते दिन के साथ गहराता जा रहा है। इस विवाद के बीच सियासत और धार्मिक जगत में बयानबाजी का दौर चरम पर है। अयोध्या के साधु-संतों के बाद अब प्रखर हिंदूवादी नेता और धर्मसेना के प्रमुख संतोष दुबे ने एक इंटरव्यू में बेहद चौंकाने वाले और सनसनीखेज दावे किए हैं।

संतोष दुबे ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कद्दावर नेता और राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के साथ-साथ उनके बेहद करीबी माने जाने वाले टुन्नू यादव को सीधे निशाने पर लिया है।

“5 साल पहले जो ड्राइवर था, वो आज अरबपति कैसे बना?”

संतोष दुबे ने टुन्नू यादव की संपत्ति को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए कहा, “जो शख्स महज पांच साल पहले तक ड्राइवरी का काम करता था, वह आज अचानक अरबपति बन बैठा है।” दुबे ने दावा किया कि टुन्नू यादव ने अयोध्या में 60 कमरों का एक आलीशान महल जैसा घर खड़ा कर दिया है।

उन्होंने आगे कहा, “यह पूरे अयोध्या शहर का शायद इकलौता ऐसा निजी घर होगा, जहां बकायदा लिफ्ट लगाई गई है, जिसकी कीमत आज की तारीख में करोड़ों रुपये है।” दुबे ने आरोप लगाया कि यह तो सिर्फ एक सामने दिखने वाली प्रॉपर्टी है, ऐसी न जाने कितनी बेनामी संपत्तियां और बनाई गई हैं।

“कहां है मोदी जी की ED और योगी जी का बुलडोजर?”

इस कथित घोटाले पर केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए धर्मसेना प्रमुख ने केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब देश के अन्य मामलों में जांच एजेंसियां इतनी मुस्तैद दिखाई देती हैं, तो इस महाघोटाले पर अब तक प्रधानमंत्री मोदी की इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) कहां सोई हुई है? और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बुलडोजर अब तक इस अवैध संपत्ति पर क्यों नहीं गरजा?

“पहले मुगलों और गोरों ने लूटा, अब काले अंग्रेज लूट रहे हैं”

अयोध्या के इतिहास का जिक्र करते हुए संतोष दुबे ने बेहद तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “अयोध्या की पावन भूमि को लूटने में हमेशा हमारे ही कुछ सहयोगी शामिल रहे हैं। पहले इसे मुगलों ने लूटा, फिर गोरे अंग्रेजों ने लूटा और आज के दौर में ‘काले अंग्रेज’ इसे लूटने में लगे हैं।” उन्होंने राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा और चंपत राय पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज हालात ऐसे हैं कि “बैंक की रखवाली ही खुद चोर कर रहा है।”

दुबे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि संघ परिवार के जिन लोगों को कभी उन्होंने खुद अपने पैसों से साइकिल खरीद कर दी थी, वे आज बड़ी-बड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ियों में घूम रहे हैं।

“गुजरात लॉबी हावी, बदनाम हो रहे अयोध्यावासी”

संतोष दुबे ने दर्द बयां करते हुए कहा कि अयोध्या की मर्यादा और मूल पहचान को वीएचपी, बीजेपी और संघ से जुड़े कुछ बाहरी लोगों ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय अयोध्या की व्यवस्थाओं पर एक खास ‘गुजरात लॉबी’ हावी हो चुकी है। दुबे ने कहा, “मलाई और माल कोई और काट रहा है, जबकि अपनी आस्था के लिए पूरी दुनिया में पहचाने जाने वाले अयोध्यावासी बिना वजह बदनाम हो रहे हैं।”

उन्होंने जनता की तरफ से सवाल दागते हुए पूछा कि देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक चढ़ाए गए सोने, चांदी और अरबों रुपये की नकदी का पूरा हिसाब अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया? भक्तों को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनके आराध्य प्रभु श्रीराम के चरणों में अर्पित किए गए चढ़ावे का वास्तविक उपयोग कहां और कैसे हो रहा है।

Check Also

“बाप-बेटे को मारने का इंतजाम हो गया है…” पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक बेटे को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी

उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण …