उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक’ यानी PDA के नारे के सहारे आगे बढ़ रहे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। गुरुवार को राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (Twitter) पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए सपा के कोर वोट बैंक पर सीधा निशाना साधा। राजभर ने यूपी पुलिस के कथित जोनवार आंकड़े सार्वजनिक करते हुए दावा किया कि प्रदेश में दलितों और शोषितों पर अत्याचार करने के मामलों में सबसे ज्यादा संलिप्तता समाजवादी पार्टी से जुड़े यादव और मुस्लिम समुदाय के लोगों की है। उन्होंने तंज कसते हुए सपा के PDA फॉर्मूले की नई परिभाषा गढ़ दी और इसे ‘पीट देगा अहीर’ और ‘पीट देगा अल्पसंख्यक’ करार दिया।
यूपी के सभी पुलिस जोनों का आंकड़ा रख किया बड़ा दावा
ओमप्रकाश राजभर ने यूपी के अलग-अलग पुलिस जोनों का ब्योरा देते हुए बताया कि जमीनी हकीकत सपा के दावों से बिल्कुल उलट है। हालांकि, इन आंकड़ों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन राजभर द्वारा जारी आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:
-
गोरखपुर जोन: कुल 760 मामलों में 297 यादव और 344 मुस्लिम आरोपी।
-
वाराणसी जोन: कुल 603 मामलों में 350 यादव और 178 मुस्लिम आरोपी।
-
लखनऊ जोन: कुल 1094 मामलों में 410 यादव और 428 मुस्लिम आरोपी।
-
बरेली और मेरठ जोन: बरेली के 430 मामलों में 100 यादव-222 मुस्लिम और मेरठ के 288 मामलों में 24 यादव-319 मुस्लिम आरोपी।
-
प्रयागराज, आगरा और कानपुर: इन जोनों में भी दर्जनों मामलों में इन्हीं दोनों समुदायों के नाम सामने आए हैं।
आगरा से वाराणसी तक सातों कमिश्नरेट का भी खोला कच्चा चिट्ठा
मंत्री राजभर ने सिर्फ ग्रामीण जोनों ही नहीं, बल्कि यूपी के प्रमुख शहरों जैसे आगरा, कानपुर नगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), प्रयागराज, लखनऊ और वाराणसी कमिश्नरेट के आंकड़े भी सामने रखे। राजभर का आरोप है कि इन शहरी इलाकों में दलितों के साथ मारपीट, धमकी, बलात्कार और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में यादव और मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ सबसे ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गोरखपुर में दलित उत्पीड़न पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले सपा नेता पहले अपने समर्थकों के गिरेबां में झांक कर देखें।
अपराधियों के ‘सेवा-सत्कार’ में यूपी पुलिस कसर नहीं छोड़ रही- राजभर
अखिलेश यादव पर हमलावर होते हुए राजभर ने साफ कहा कि सपा नेताओं को यह गलतफहमी दिमाग से निकाल देनी चाहिए कि उनके डर से दलितों पर हुए अत्याचारों को छिपाया जाएगा। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि ऐसे अपराधियों के ‘सेवा-सत्कार’ (कानूनी कार्रवाई) में यूपी पुलिस कोई कमी नहीं छोड़ रही है। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सुभासपा प्रमुख लगातार सपा को घेर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने समाजवादी पार्टी के सांसदों में बड़ी टूट होने का दावा भी किया था, जिसके बाद से ही यूपी का सियासी पारा सातवें आसमान पर है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया