
इस्लामाबाद (अंतरराष्ट्रीय डेस्क)। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने सऊदी अरब के समर्थन में आकर यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को सीधी चेतावनी दी है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने लाल सागर और सऊदी बंदरगाहों की नाकाबंदी करने की हूतियों की धमकी की कड़ी निंदा की है। पाकिस्तान ने साफ कहा है कि उसके समुद्री हितों या सऊदी अरब पर कोई भी हमला उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ माना जाएगा और वह आत्मरक्षा के लिए सख्त कदम उठाएगा।
सितंबर 2025 का रक्षा समझौता बना वजह
पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच सितंबर 2025 में हुए सामरिक सहयोग और पारस्परिक रक्षा समझौते (Mutual Defense Pact) के तहत किसी एक देश पर हमला दोनों देशों पर हमला माना जाएगा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर ने रियाद को अटूट समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
क्या ईरान के साथ बिगड़ेगा पाकिस्तान का समीकरण?
यमन के हूती विद्रोहियों को ईरान का प्रत्यक्ष समर्थन प्राप्त है। ऐसे में यदि पाकिस्तान हूतियों के खिलाफ कोई सैन्य कार्रवाई करता है, तो इसे सीधे ईरान के साथ टकराव के रूप में देखा जाएगा। लाल सागर में बढ़ते इस तनाव के कारण सऊदी क्रूड तेल ले जा रहे टैंकरों ने अपने रास्ते बदल लिए हैं, जिससे वैश्विक व्यापार और शिपिंग पर गंभीर संकट गहरा गया है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया