
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश और गुजरात की भाजपा शासित सरकारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बयान देते हुए कहा कि आपसी टकराहट ने अब ‘डबल इंजन’ सरकार को ‘ट्रबल इंजन’ में बदल दिया है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार है और दोनों जगह बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के उस बयान को भी अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर शेयर किया, जिसमें उन्होंने गोरखपुर यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों में नशे का सामान पहुंचने और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए थे।
राज्यपाल के बयान से खुली पोल और भाजपा का पलटवार
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हॉस्टलों की बदहाली, गंदगी और खराब खाने पर कड़ी नाराजगी जताई थी और खुद गर्ल्स हॉस्टल जाकर खाद्य सुरक्षा विभाग से खाने के सैंपल लिए थे। इसी वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने ‘गोरखपुर मॉडल’ और ‘गुजरात मॉडल’ पर तीखा तंज कसा। इसके जवाब में उत्तर प्रदेश भाजपा ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जोरदार पलटवार किया। भाजपा ने एक तुलनात्मक पोस्टर साझा करते हुए पिछली सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए दंगों और अपराधों की याद दिलाई, जबकि अपनी सरकार में डिफेंस कॉरिडोर और विकास कार्यों की उपलब्धियों को प्रमुखता से रेखांकित किया।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया