अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- ‘लाल टोपी और खाली सिलेंडर’ से घबराई सरकार; जमाखोरी का लगाया आरोप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में गहराते ईंधन संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बड़ा हमला बोला है। शुक्रवार को एक टीवी कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने कहा कि राज्य में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस (LPG) को लेकर हालात बेकाबू हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सिलेंडरों की किल्लत प्राकृतिक नहीं है, बल्कि भाजपा से जुड़े लोग ही इसकी ‘जमाखोरी और कालाबाजारी’ कर रहे हैं।

“भाजपा संविधान नहीं, मनविधान से चलती है”

अखिलेश यादव ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान का सम्मान नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में लाभ लेने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने फर्जी हस्ताक्षर के जरिए ‘फॉर्म-7’ भरवाकर वोट कटवाने की साजिश रची है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “इंडिया गठबंधन” पूरी तरह मजबूत है और 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत के साथ भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।

डिप्टी सीएम के बयान पर तंज: “स्टूल लगाकर गैस एजेंसी के बाहर बैठें”

हाल ही में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘जिसके पास सिलेंडर न हो वह हमें बताए’, अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह बयान खुद साबित करता है कि सिलेंडर भाजपा के नियंत्रण वाले गोदामों में छिपे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा, “डिप्टी सीएम अपना फोन नंबर सार्वजनिक कर दें या सीधे अपने उन ‘अंडरग्राउंड’ गोदामों का पता दे दें जहाँ जमाखोरी की जा रही है। बेहतर होगा कि वे स्टूल लगाकर गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के बाहर बैठ जाएं ताकि लोगों को सीधे तेल और गैस मिल सके।”

डिजिटल डिवाइड और उद्योगपतियों पर निशाना

अखिलेश ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि समाजवादियों ने गांव-गांव ऑप्टिकल फाइबर बिछाकर ‘डिजिटल डिवाइड’ खत्म करने की नींव रखी थी। उन्होंने संकल्प लिया कि भविष्य में उनकी सरकार बनने पर नियमों को ताक पर रखकर किसी खास उद्योगपति को फायदा नहीं पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियां जनता को केवल लाइन में खड़ा करने वाली साबित हो रही हैं।

Check Also

केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में कहा “हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं

श्री मौर्य ने आज 7 कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन में कहा, “प्रदेशभर से आए …