नई दिल्ली। दुनिया के सबसे घातक हमलावर विमानों में शुमार अमेरिकी वायुसेना का A-10 थंडरबोल्ट II, जिसे प्यार से ‘वारथॉग’ (Warthog) कहा जाता है, इन दिनों समुद्र में अपनी दहाड़ से दुश्मनों के पसीने छुड़ा रहा है। कभी रिटायरमेंट की कगार पर खड़े इस ‘उड़ने वाले टैंक’ ने हॉर्मुज स्ट्रेट में ईरानी नौकाओं का शिकार कर अपनी उपयोगिता फिर से साबित कर दी है। इसकी सबसे बड़ी शक्ति इसकी GAU-8 एवेंजर तोप है, जिसकी ‘ब्रर्र्र्ट’ (BRRRR-T) वाली आवाज सुनते ही दुश्मन के खेमे में भगदड़ मच जाती है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी चालों पर ‘वारथॉग’ का प्रहार
ताजा सैन्य गतिविधियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत A-10 वारथॉग को हॉर्मुज स्ट्रेट के रणनीतिक मोर्चे पर तैनात किया गया है। यहाँ यह विमान ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की उन तेज रफ्तार नौकाओं और माइन-लेयर जहाजों पर नजर रख रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मार्गों के लिए खतरा पैदा करते हैं। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वारथॉग अपनी जीएयू-8/A एवेंजर तोप के जरिए समुद्री लक्ष्यों को बेहद सटीकता से निशाना बना रहा है। इसकी क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह कम ऊंचाई पर धीमी गति से उड़ते हुए भी छोटी और चपल नौकाओं को पल भर में राख के ढेर में बदल सकता है।
तोप ऐसी कि जिसके लिए पूरा विमान ही बदल दिया गया
हथियारों के इतिहास में A-10 वारथॉग की कहानी बेहद दिलचस्प है। आमतौर पर विमान के लिए हथियार बनाए जाते हैं, लेकिन यहाँ कहानी उल्टी थी। 1970 के दशक में अमेरिकी वायुसेना को एक ऐसी 30 एमएम रैपिड-फायर तोप चाहिए थी जो सोवियत संघ के भारी टैंकों और बख्तरबंद बंकरों को चीर सके। जब GAU-8 एवेंजर बनकर तैयार हुई, तो यह इतनी विशाल थी कि इसे किसी मौजूदा विमान में फिट करना असंभव था। इसके बाद इस तोप के चारों तरफ A-10 विमान का ढांचा तैयार किया गया। तोप के झटके (Recoil) को संभालने के लिए विमान के लैंडिंग गियर तक को एक तरफ खिसकाया गया ताकि फायरिंग के समय विमान अपना संतुलन न खोए।
GAU-8 एवेंजर: 3,900 राउंड प्रति मिनट की तबाही
A-10 की असली जान इसकी सात-बैरल वाली हाइड्रॉलिक तोप है। यह गैटलिंग-स्टाइल तोप प्रति मिनट 3,900 राउंड फायर करने की क्षमता रखती है। इसमें ‘डिप्लेटेड यूरेनियम’ वाले गोलों का इस्तेमाल होता है, जो दुनिया के सबसे मजबूत टैंक की कवच (Armor) को भी कागज की तरह फाड़ देते हैं। इसकी मारक क्षमता को और घातक बनाने के लिए इसे APKWS रॉकेट्स, एजीएम-65 मेवरिक मिसाइल और एआईएम-9 साइडवाइंडर से लैस किया गया है।
टाइटेनियम के सुरक्षा घेरे में महफूज रहता है पायलट
वारथॉग को सिर्फ हमला करने के लिए ही नहीं, बल्कि भीषण हमले झेलने के लिए भी बनाया गया है। पायलट की सुरक्षा के लिए विमान के कॉकपिट के चारों ओर टाइटेनियम का एक ‘बाथटब’ बनाया गया है, जो सीधे हमले को भी झेल सकता है। इसके अलावा, इसकी खास डिजाइन इसे एक इंजन खराब होने या पूंछ का आधा हिस्सा उड़ जाने के बाद भी सुरक्षित लैंड करने की काबिलियत देती है। यही वजह है कि अमेरिकी कांग्रेस ने वायुसेना की इसे रिटायर करने की योजना पर रोक लगा दी और इसे फिर से युद्ध के मैदान में उतार दिया है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया