Bada Mangal Special: हिंदू पंचांग के अनुसार, ज्येष्ठ मास के मंगलवार का विशेष आध्यात्मिक महत्व है, जिसे उत्तर भारत में ‘बड़ा मंगल’ या ‘बुढ़वा मंगल’ के रूप में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। साल 2026 में ज्येष्ठ मास की शुरुआत हो चुकी है और 5 मई को साल का पहला बड़ा मंगल पड़ रहा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यह वही पावन दिन है जब पवनपुत्र हनुमान जी ने एक वृद्ध वानर का रूप धारण कर महाबली भीम के बल के अहंकार को चूर-चूर किया था। आइए जानते हैं महाभारत काल की वह दिलचस्प गाथा, जो हमें शक्ति के साथ विनम्रता का पाठ सिखाती है।
द्रौपदी की इच्छा और भीम का शक्ति प्रदर्शन
कथा उस समय की है जब पांडव वनवास काल में थे। एक दिन गंधमादन पर्वत पर भ्रमण के दौरान एक दिव्य और सुगंधित ‘सहस्त्रदल कमल’ हवा में उड़कर द्रौपदी के पास जा गिरा। उस पुष्प की सुंदरता और सुगंध से मुग्ध होकर द्रौपदी ने भीमसेन से वैसे ही और पुष्प लाने का आग्रह किया। अपनी शक्ति के मद में चूर भीम तुरंत पुष्प की खोज में निकल पड़े। रास्ते में आने वाले बड़े-बड़े वृक्षों और चट्टानों को भीम अपनी गदा से तिनके की तरह उखाड़ते जा रहे थे, मानो वे पूरे वन को अपनी ताकत की चुनौती दे रहे हों।
रास्ते में लेटा एक वृद्ध वानर और भीम का क्रोध
भीम के मार्ग में अचानक एक बूढ़ा वानर अपनी लंबी पूंछ फैलाकर लेटा हुआ मिला। भीम ने अहंकारपूर्ण स्वर में कहा, “हे वानर! तू जानता नहीं मैं कौन हूं? मैं महाबली भीम हूं, मार्ग से अपनी पूंछ हटा ले वरना तेरा अंत निश्चित है।” वृद्ध वानर (जो स्वयं हनुमान जी थे) ने बड़ी विनम्रता से कहा, “पुत्र, मैं अत्यंत वृद्ध और निर्बल हूं, मुझमें हिलने की शक्ति नहीं है। यदि तुम्हें आगे जाना है, तो तुम स्वयं मेरी पूंछ हटाकर रास्ता बना लो।”
जब पूंछ हिलाने में छूट गए भीम के पसीने
भीम को एक साधारण वानर की यह बात अपमानजनक लगी। उन्होंने अपनी बाईं हथेली से पूंछ को हटाने की कोशिश की, लेकिन पूंछ टस से मस नहीं हुई। क्रोधित भीम ने अपनी दोनों भुजाओं और 10 हजार हाथियों का पूरा बल लगा दिया, लेकिन पूंछ वैसी की वैसी ही रही। भीम पसीने से तरबतर हो गए और उनकी सांस फूलने लगी। तब उन्हें आभास हुआ कि यह कोई साधारण वानर नहीं बल्कि कोई दिव्य शक्ति है।
हनुमान जी का दिव्य दर्शन और महाभारत का आशीर्वाद
अंततः भीम ने हार मान ली और नतमस्तक होकर वानर से अपना असली परिचय मांगा। तब हनुमान जी ने अपना विराट रूप प्रकट किया और बताया कि वे भी पवनपुत्र होने के नाते भीम के बड़े भाई हैं। हनुमान जी ने भीम को समझाया कि “शक्ति का वास्तविक गौरव उसकी रक्षा में है, प्रदर्शन या अहंकार में नहीं।” उन्होंने भीम को आशीर्वाद दिया कि महाभारत के भीषण युद्ध में वे अर्जुन के रथ की ध्वजा पर विराजमान रहेंगे और अपनी गर्जना से शत्रुओं का हृदय कंपा देंगे।
क्यों कहते हैं इसे ‘बुढ़वा मंगल’?
माना जाता है कि ज्येष्ठ मास के जिस मंगलवार को हनुमान जी ने बूढ़े वानर का रूप लेकर भीम का कल्याण किया था, उसी दिन की स्मृति में इसे ‘बुढ़वा मंगल’ कहा जाता है। इस दिन हनुमान जी के वृद्ध स्वरूप की पूजा की जाती है, जो शांति और अनुभव का प्रतीक है। लखनऊ समेत पूरे उत्तर भारत में इस दिन भंडारे और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होता है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया