Bhojpuri Controversy: ‘जिसके साथ अच्छा वक्त बिताया, उसी की सरेआम बेइज्जती…’, खेसारी लाल यादव पर बुरी तरह भड़कीं अक्षरा सिंह, काजल राघवानी के दर्द का किया सनसनीखेज खुलासा

मुंबई/पटना। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में पवन सिंह के बाद अगर किसी स्टार के विवाद सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरते हैं, तो वह नाम खेसारी लाल यादव का है। खेसारी और मशहूर एक्ट्रेस काजल राघवानी के अफेयर और फिर कड़वे ब्रेकअप की कहानियां किसी से छिपी नहीं हैं। काजल ने जहां खेसारी पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का गंभीर आरोप लगाया था, वहीं खेसारी ने इन बातों से पल्ला झाड़ते हुए सरेआम काजल को लेकर कई आपत्तिजनक बातें कह डाली थीं। अब इस हाई-वोल्टेज ड्रामे में भोजपुरी की ‘शेरनी’ कही जाने वालीं अक्षरा सिंह की एंट्री हो गई है। अक्षरा ने काजल राघवानी का खुलकर समर्थन करते हुए खेसारी लाल यादव और उनके समर्थकों की जमकर क्लास लगाई है।

काजल ने फोन कर अक्षरा से मांगी थी मदद

जाने-माने होस्ट सिद्धार्थ कनन को दिए एक हालिया इंटरव्यू में अक्षरा सिंह ने इस पूरे विवाद पर बेबाकी से अपनी राय रखी। अक्षरा ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि जब खेसारी और काजल का विवाद पब्लिक डोमेन में आया, तब काजल को खेसारी के फैंस और समर्थकों ने बुरी तरह हैरेस (प्रताड़ित) किया था। उस मुश्किल दौर में काजल ने उन्हें फोन करके मदद की गुहार लगाई थी। अक्षरा ने बताया, “हां बेचारी, उस दौरान उसका मेरे पास कॉल आया था। उसके ऊपर लगातार अभद्र और भद्दे गाने बनाए जा रहे थे। एक स्टेज शो के दौरान उसके साथ बदसलूकी भी की गई थी। उसने मुझे अपनी पूरी तकलीफ बताई। मैंने उसकी बातें सुनीं और शायद कहीं न कहीं उसका मनोबल बढ़ाने की कोशिश की। मैं यह तो नहीं कहूंगी कि मैं पूरी तरह से ढाल बनकर खड़ी हो गई थी, लेकिन मैंने उसे हिम्मत जरूर दी। उस वक्त वह लड़की अंदर से पूरी तरह टूट चुकी थी।”

‘गंदे गाने बनवाए और बदतमीजी की, मुझे भी किसी ने नहीं बचाया था’

भोजपुरी इंडस्ट्री की गंदी राजनीति और सिंगर-एक्टर गठजोड़ पर करारा प्रहार करते हुए अक्षरा सिंह का दर्द भी छलक उठा। उन्होंने कहा, “अगर आप किसी लड़की को नीचा दिखाने के लिए उस पर गंदे गाने बनवाओगे, स्टेज शोज में उसके साथ बदतमीजी करवाओगे और लोग मजे लेंगे, तो यह कहां का इंसाफ है? मैंने उस समय कई सिंगर्स को खुद फोन करके डांटा था। उनसे पूछा था कि तुम लोगों को शर्म नहीं आती? तुम्हारे घर में भी मां-बहनें हैं। सिर्फ अपने ‘भैया’ (खेसारी) को इम्प्रेस करने के लिए और चुस्की लेने के लिए तुम लोग इतने गंदे गाने गा रहे हो?” अक्षरा ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब उनके साथ ऐसा ही बुरा बर्ताव हो रहा था, तब उन्हें बचाने कोई आगे नहीं आया था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या साउथ या बॉलीवुड इंडस्ट्री में ऐसा घटियापन देखने को मिलता है?

खेसारी को अक्षरा की दो टूक- ‘घमंड आ गया है…’

अक्षरा सिंह ने इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि अब उनके और खेसारी लाल यादव के बीच संबंध बिल्कुल भी अच्छे नहीं हैं। अक्षरा ने खेसारी के रवैये पर तंज कसते हुए कहा, “एक वक्त था जब खेसारी मुझसे चीजें सीखा करते थे, लेकिन अब लगता है कि उनमें बहुत ज्यादा घमंड आ गया है। वे अब खुद को बहुत ऊंचे दर्जे का समझने लगे हैं।”

‘नीच सोच वाले हो… बीवी-बच्चों का तो ख्याल करो’

अक्षरा सिंह ने खेसारी लाल यादव को उनकी हदें याद दिलाते हुए जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा, “खेसारी ने एक इंटरव्यू में काजल के लिए बहुत ही अभद्र और गंदी भाषा का इस्तेमाल किया था। क्या आपको जरा भी शर्म नहीं आई? आपके घर में भी आपकी बीवी है, बच्चे हैं। कल को अगर उन्हें कोई कुछ बोलकर चला जाएगा, तो आपको कैसा लगेगा? फिर आप किसी दूसरी लड़की को पब्लिक प्लेटफॉर्म पर कुछ भी कैसे बोल सकते हैं?”

अक्षरा ने आगे कहा कि खेसारी राजनीति में जाने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें यह सीखना चाहिए कि अगर गलती हो जाए तो उसे सुधारा कैसे जाता है। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, “खेसारी ने काजल को धोखा दिया या नहीं, मैं यह नहीं जानती। लेकिन आप किसी लड़की के साथ रिश्ते में रहे हों या न रहे हों, उसके लिए गंदी बातें बोलना आपको शोभा नहीं देता। आपने कभी तो उस लड़की के साथ अच्छा समय बिताया होगा। अब पब्लिक के सामने ऐसी घटिया बातें करके आप सिर्फ यह साबित कर रहे हैं कि आपकी सोच कितनी नीची है। इंसान को पता होना चाहिए कि उसे कब अपना मुंह बंद रखना है।”

Check Also

Sister Horrific Marriage: ‘कोठा खोल लो’, बहन की दर्दनाक शादी और ससुराल का टॉर्चर याद कर फूट-फूटकर रोई एक्ट्रेस, बयां किया खौफनाक सच

मनोरंजन जगत की चकाचौंध के पीछे कई ऐसे स्याह और दिल दहला देने वाले सच …