युवाओं को लोन देने में कोताही पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से बाहर होंगे ये 15 बैंक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना’ को लेकर एमएसएमई (MSME) विभाग ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण देने में लापरवाही बरतने वाले 15 बैंकों पर गाज गिरना तय हो गया है। विभाग ने लक्ष्य पूरा न करने और युवाओं के प्रति उदासीन रवैया दिखाने वाले इन बैंकों की संबद्धता (Affiliation) समाप्त करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।

लक्ष्य के आड़े आ रहे बैंक, विभाग ने शुरू की छंटनी

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के 10 लाख युवाओं को अगले 10 वर्षों में उद्यमी बनाना है। इसके लिए एमएसएमई विभाग ने कुल 40 बैंकों को जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, समीक्षा में पाया गया कि इनमें से 15 बैंकों ने युवाओं को बिना ब्याज और बिना गारंटी वाला लोन देने में कोई रुचि नहीं दिखाई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के आंकड़ों ने विभाग की चिंता बढ़ा दी, जिसके बाद अब इन बैंकों को योजना की लिस्ट से बाहर करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

1.50 लाख के लक्ष्य के मुकाबले पिछड़ी रफ्तार

शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एमएसएमई विभाग को 1.50 लाख युवाओं को ऋण वितरित करने का लक्ष्य दिया था। कड़ी मेहनत के बावजूद, 31 मार्च तक विभाग केवल 1.45 लाख युवाओं तक ही मदद पहुंचा सका। लक्ष्य से चूकने का मुख्य कारण इन 15 बैंकों का असहयोग बताया जा रहा है। इससे पहले, योजना की शुरुआत जनवरी 2024 में होने के कारण वित्तीय वर्ष 2024-25 का लक्ष्य भी पूरा नहीं हो पाया था, जिसके बाद इस साल विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी थी।

इन 15 बैंकों पर गिरेगी गाज: देखें नाम

एमएसएमई विभाग के सूत्रों के मुताबिक, जिन बैंकों को योजना से हटाने का प्रस्ताव दिया गया है, उनमें निजी और स्माल फाइनेंस बैंक प्रमुख हैं। इन बैंकों में एयू स्माल फाइनेंस बैंक, कोटक महेंद्रा बैंक लिमिटेड, यस बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक लिमिटेड, कैथोलिक सीरियन बैंक, सिटी यूनियन बैंक, डीसीबी बैंक, धनलक्ष्मी बैंक, जना स्माल फाइनेंस बैंक, कर्नाटका बैंक, पूर्वांचल बैंक, शिवालिक स्माल फाइनेंस बैंक, साउथ इंडियन बैंक, उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक और यूनाइटेड स्माल फाइनेंस बैंक शामिल हैं। विभाग अब इनके स्थान पर उन बैंकों को जोड़ने की योजना बना रहा है जो युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर हैं।

क्या है मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना?

बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने 24 जनवरी 2024 को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के अवसर पर इस योजना का भव्य शुभारंभ किया था। इसके तहत प्रदेश के शिक्षित और मेहनती युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण (Interest-free Loan) उपलब्ध कराया जाता है। योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि युवाओं को इसके लिए किसी गारंटी की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे छोटे स्तर पर अपना स्टार्टअप या दुकान शुरू करने वालों को बड़ी राहत मिलती है।

Check Also

केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में कहा “हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं

श्री मौर्य ने आज 7 कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन में कहा, “प्रदेशभर से आए …