इस्लामाबाद। ईरान-इजरायल युद्ध की तपिश और घरेलू मोर्चे पर भारी जनाक्रोश ने पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार को घुटनों पर ला दिया है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ‘आग’ लगाने वाली सरकार को अब 24 घंटे के भीतर अपने कदम पीछे खींचने पड़े हैं। देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों और कंगाली के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल की कीमतों में 80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की भारी कटौती का ऐलान किया है।
भारी लेवी में कटौती, अब इस दाम पर मिलेगा पेट्रोल
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार देर रात देश को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने पेट्रोल पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क (लेवी) को तत्काल प्रभाव से 80 रुपये कम करने का फैसला किया है। इससे पहले सरकार ने लेवी को 105 रुपये से बढ़ाकर 160 रुपये कर दिया था। इस कटौती के बाद अब पाकिस्तान में पेट्रोल 378 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की दर पर मिलेगा। गुरुवार को सरकार ने पेट्रोल की कीमतों को 321 रुपये से बढ़ाकर सीधे 458.41 रुपये कर दिया था, जिसके बाद जनता सड़कों पर उतर आई थी।
कैबिनेट मंत्रियों को 6 महीने तक नहीं मिलेगा वेतन
महंगाई की मार झेल रही आवाम का गुस्सा शांत करने के लिए शहबाज शरीफ ने ‘त्याग’ का कार्ड भी खेला है। उन्होंने घोषणा की है कि संघीय कैबिनेट के सदस्यों को अब अगले 6 महीने तक कोई वेतन (Salary) नहीं मिलेगा। पहले यह फैसला केवल दो महीने के लिए था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। शरीफ ने कहा, “मैं आम आदमी की तकलीफों से वाकिफ हूं और तीन हफ्तों से बढ़ती कीमतों का बोझ जनता पर न डालने की कोशिश कर रहा था।”
गरीबों और किसानों के लिए ‘राहत पैकेज’ का पिटारा
कंगाल पाकिस्तान ने जनता को मरहम लगाने के लिए कई सब्सिडी योजनाओं का भी ऐलान किया है:
-
मोटरसाइकिल सवार: इन्हें पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की विशेष सब्सिडी मिलेगी।
-
माल ढुलाई वाहन: 70,000 से 80,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
-
छोटे किसान: खेती के लिए 1,500 रुपये प्रति एकड़ की वित्तीय मदद का वादा।
-
रेलवे किराया: पाकिस्तान रेलवे की ‘इकोनॉमी’ क्लास के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।
मिडिल ईस्ट संकट ने बिगाड़ा खेल
शहबाज शरीफ ने माना कि खाड़ी देशों (Gulf region) में जारी तनाव और ईरान-इजरायल युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। सरकार ने पिछले तीन हफ्तों में 129 अरब रुपये की सब्सिडी देकर कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश की थी, लेकिन खजाना खाली होने के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी थीं। अब सरकार ने आश्वासन दिया है कि कम से कम अगले एक महीने तक पेट्रोल के दामों में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी। राहत के ये उपाय पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और गिलगित-बाल्टिस्तान में भी लागू रहेंगे।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया