Bihar Politics: ‘मैं सीएम की रेस में नहीं हूं…’, चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर लगाया विराम, नई कैबिनेट को लेकर दिया बड़ा अपडेट

पटना/नई दिल्ली। बिहार की राजनीति में मचे घमासान के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। शनिवार को दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए चिराग ने साफ तौर पर खुद को मुख्यमंत्री की रेस से बाहर कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में एनडीए की नई सरकार में केवल चेहरा (मुख्यमंत्री) बदलेगा, सरकार और कैबिनेट का मूल स्वरूप वैसा ही रहेगा जैसा कुछ महीने पहले तय हुआ था।

“नेतृत्व बदलेगा, पर स्वरूप नहीं”

चिराग पासवान ने नई सरकार के गठन और कैबिनेट को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, “बिहार में नई एनडीए सरकार का गठन जल्द होगा। इस बार केवल नेतृत्व यानी मुख्यमंत्री का चेहरा बदला जा रहा है। मंत्रिमंडल का जो स्वरूप पहले तय हुआ था, उसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।” हालांकि, उन्होंने यह संकेत जरूर दिया कि कैबिनेट में पुराने चेहरों की जगह कुछ नए नेताओं को शामिल कर ताजगी लाने की कोशिश की जा सकती है।

नीतीश कुमार की सहमति और मार्गदर्शन पर जोर

चिराग ने अपनी दावेदारी को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “मैं इस बात को कई बार स्पष्ट कर चुका हूं कि चिराग पासवान मुख्यमंत्री पद का दावेदार नहीं है। बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भाजपा-जदयू समेत एनडीए के सभी घटक दलों के विधायकों की राय और विशेष रूप से नीतीश कुमार की सहमति से लिया जाएगा।” उन्होंने आगे जोड़ा कि जो भी नया चेहरा सामने आएगा, वह नीतीश कुमार के अनुभव और मार्गदर्शन के साथ ही राज्य को आगे ले जाएगा।

एनडीए में ‘खटपट’ की खबरों को बताया विपक्षी साजिश

गठबंधन के भीतर तनाव और मतभेदों के सवाल पर चिराग ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “एनडीए में किसी भी प्रकार की कोई खटपट नहीं है। यह केवल विपक्ष की मनगढ़ंत सोच है जो चाहते हैं कि हमारे बीच विवाद बना रहे। हम पूरी एकजुटता के साथ बिहार और अन्य चार राज्यों में भी सरकार बनाने जा रहे हैं।”

भाजपा का सीएम बनना तय, 15 अप्रैल को शपथ संभव!

बिहार की सियासत में अब सबकी नजरें राजभवन पर टिकी हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनका इस्तीफा जल्द होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (BJP) से होना लगभग तय है। खरमास खत्म होने के बाद 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। फिलहाल 1 अणे मार्ग (मुख्यमंत्री आवास) से सामानों की शिफ्टिंग शुरू होने की खबरों ने इन चर्चाओं को और बल दे दिया है।

Check Also

तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी का अमेरिका दौरा रद्द: केंद्र सरकार ने नहीं दी राजनीतिक मंजूरी, लंदन से ही 23 अगस्त को लौटेंगे स्वदेश

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी (A. Revanth Reddy) के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को लेकर …