Chinese Manjha Terror in Lucknow: नवाबों के शहर लखनऊ की हवाओं में लहराता प्रतिबंधित चाइनीज मांझा अब राहगीरों के लिए ‘काल’ बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त हिदायत और कोर्ट की पाबंदी के बावजूद राजधानी की सड़कों पर मौत का जाल बिछा है। ताजा मामले में इस जानलेवा मांझे ने दो और जिंदगियों को लहूलुहान कर दिया है। हजरतगंज जैसे पॉश इलाके में नगर निगम के एक राजस्व निरीक्षक का कान कट गया, वहीं मलिहाबाद में एक भाजपा कार्यकर्ता की गर्दन मांझे की चपेट में आने से बुरी तरह जख्मी हो गई। इन घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस और प्रशासनिक अमले की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
हजरतगंज: फाइल लेकर जा रहे राजस्व निरीक्षक का कटा कान
पहली हृदयविदारक घटना राजधानी के दिल कहे जाने वाले हजरतगंज इलाके की है। रविवार शाम नगर निगम जोन-8 के राजस्व निरीक्षक राजा भइया ड्यूटी के सिलसिले में बाइक से लालबाग मुख्यालय जा रहे थे। जैसे ही वह एनेक्सी भवन के पास पहुंचे, अचानक हवा में लटक रहे चाइनीज मांझे ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मांझा उनके दाहिने कान में इस कदर फंसा कि कान का ऊपरी हिस्सा कटकर अलग हो गया। गनीमत रही कि मांझा उनकी आंखों तक नहीं पहुंचा, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। खून से लथपथ हालत में उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके कान में कई टांके लगाए गए हैं।
मलिहाबाद: मौत के जाल में फंसे भाजपा सेक्टर संयोजक
दूसरी घटना मलिहाबाद और काकोरी के बॉर्डर पर स्थित हरदोई रोड की है। काकोरी के सेमरामऊ निवासी और भाजपा सेक्टर संयोजक राज रावत अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। दुर्गागंज के पास अचानक मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। झटका इतना तेज था कि राज की गर्दन गहराई तक कट गई और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई है, लेकिन घाव काफी गहरा है।
प्रतिबंध के बाद भी आखिर कहां से आ रहा जानलेवा मांझा?
लखनऊ में आए दिन हो रहे इन हादसों ने स्थानीय निवासियों में दहशत पैदा कर दी है। कोर्ट के आदेश के बाद भी चोरी-छिपे बिक रहा यह सिंथेटिक मांझा न केवल इंसानों बल्कि पक्षियों के लिए भी घातक साबित हो रहा है। नगर निगम कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल पतंग उड़ाने वालों पर ही नहीं, बल्कि इसे बेचने वाले थोक विक्रेताओं पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए। एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सावधानी ही बचाव: बाइक सवार इन बातों का रखें ध्यान
जब तक प्रशासन इस पर पूरी तरह लगाम नहीं लगाता, तब तक बाइक सवारों को खुद की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। विशेषज्ञों का सुझाव है कि बाइक चलाते समय गर्दन पर स्कार्फ या मफलर जरूर लपेटें। इसके अलावा, हेलमेट का शीशा हमेशा नीचे रखें और संभव हो तो बाइक के आगे ‘U’ शेप वाला सेफ्टी गार्ड लगवाएं। याद रखें, आपकी थोड़ी सी सावधानी आपको इस अदृश्य खतरे से बचा सकती है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया