ट्रक से प्रचार और 300 किमी की पदयात्रा: हंगरी के ‘स्पाइक हेयरस्टाइल’ वाले पीएम पीटर माग्यार की जीत की अनूठी कहानी

नई दिल्ली। हंगरी की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हुई है। नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री पीटर माग्यार ने सत्ता संभालते ही अपने फैसलों से दुनिया को हैरान कर दिया है। अपने आधुनिक अंदाज और जनता से सीधे जुड़ाव के लिए मशहूर माग्यार ने सबसे पहले पुलिस सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया— “मैं जनता का नेता हूँ और मुझे उनके बीच रहने के लिए किसी सुरक्षा घेरे की जरूरत नहीं है।”


आदर्श से विरोधी तक का सफर: विक्टर ओरबान और माग्यार

पीटर माग्यार की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। 1989 में जब हंगरी में लोकतंत्र आया, तब 9 साल के पीटर अपने कमरे में विक्टर ओरबान का पोस्टर लगाते थे। वे ओरबान को अपना हीरो मानते थे। माग्यार लगभग दो दशक तक ओरबान की ‘फिडेज पार्टी’ से जुड़े रहे, लेकिन एक विवाद ने उन्हें अपने आदर्श के खिलाफ खड़ा कर दिया।


वो एक घटना, जिसने बदल दी हंगरी की सियासत

फरवरी 2024 में एक चाइल्ड केयर होम के यौन शोषण मामले के दोषी को राष्ट्रपति द्वारा माफी मिलने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हुआ। इस विवाद के कारण माग्यार की पूर्व पत्नी और तत्कालीन न्याय मंत्री जुडिट वर्गा को इस्तीफा देना पड़ा। माग्यार ने इस ‘सिस्टम’ के खिलाफ बगावत कर दी और पार्टी छोड़कर नई राजनीतिक राह चुनी।


प्रचार का ‘देसी’ अंदाज: ट्रक और पदयात्रा

पीटर माग्यार ने चुनाव जीतने के लिए पारंपरिक बड़े मंचों और महंगी रैलियों का सहारा नहीं लिया:

  • ट्रक बना मंच: उन्होंने एक पुराने ट्रक को अपना प्रचार वाहन बनाया और उसी पर चढ़कर गांव-गांव जाकर लोगों को संबोधित किया।

  • 300 किमी की पदयात्रा: बुडापेस्ट से रोमानिया सीमा तक उन्होंने 10 दिनों में करीब 300 किलोमीटर की पदयात्रा की। इस यात्रा ने उन्हें सीधे तौर पर आम जनता और युवाओं से जोड़ दिया।


पीटर माग्यार के व्यक्तित्व की कुछ खास बातें:

  • स्पाइक हेयरस्टाइल: अपने कॉलेज के दिनों से ही वे अपने खास ‘स्पाइक हेयरस्टाइल’ के लिए मशहूर हैं।

  • गुस्से पर काबू: उन्हें तेज गुस्से वाला माना जाता था, लेकिन अब वे शांत रहने के लिए ’10 तक गिनती’ गिनने का फार्मूला अपनाते हैं।

  • निजी जीवन: वे तीन बेटों के पिता हैं, उन्हें फुटबॉल खेलना और खाना बनाना बेहद पसंद है। 2023 में उनका अपनी पत्नी जुडिट वर्गा से तलाक हो गया था।

हंगरी के इस नए प्रधानमंत्री के फैसलों और उनकी सादगी ने न केवल यूरोप बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। जनता के बीच जाकर और सुरक्षा त्यागकर माग्यार ने साबित कर दिया है कि वे हंगरी में ‘बदलाव के चेहरे’ के रूप में उभरे हैं।

Check Also

‘बलूचिस्तान से सेना हटाओ वर्ना अंजाम भुगतो’: बलूच नेताओं का पाकिस्तान को आखिरी अल्टीमेटम, संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से लगाई सीधी गुहार

पाकिस्तान का सबसे बड़ा और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध प्रांत बलूचिस्तान एक बार फिर सुलग …