CJI सूर्यकांत के ‘कॉकरोच’ वाले बयान पर बवाल: सोशल मीडिया पर बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, महुआ मोइत्रा समेत TMC सांसदों की हुई धांसू एंट्री!

नई दिल्ली : देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की एक तीखी टिप्पणी को लेकर इस समय पूरे देश के युवाओं और सोशल मीडिया पर जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। पिछले सप्ताह एक मामले की सुनवाई के दौरान कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से करने वाले बयान पर मचा बखेड़ा अब एक अनोखे सियासी और सामाजिक विरोध का रूप ले चुका है। इस बयान के विरोध में युवाओं ने डिजिटल स्पेस में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) नाम से एक नई पैरोडी पार्टी का गठन कर दिया है, जिसे जनता का इतना भारी समर्थन मिल रहा है कि यह कुछ ही घंटों में सुपरहिट हो गई है। अब इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बड़े सांसदों की भी एंट्री हो गई है।

महज 24 घंटे में बने 40 हजार से ज्यादा सदस्य, इंटरनेट पर तूफान

आपको बता दें कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ चुनाव लड़ने के लिए बनाई गई कोई वास्तविक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि देश के युवाओं द्वारा सीजेआई (CJI) की टिप्पणी के खिलाफ दर्ज कराया जा रहा एक अनोखा और शांतिपूर्ण विरोध है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर इस पैरोडी अकाउंट के लॉन्च होते ही युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लॉन्च होने के महज 24 घंटे के भीतर ही इस पेज के 15,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए और अब तक 40,000 से अधिक लोग इस वर्चुअल पार्टी की सदस्यता ले चुके हैं। इस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया बायो में साफ तौर पर लिखा है कि इसका मुख्य उद्देश्य देश के बेरोजगार युवाओं की आवाज को बुलंद करना है।

महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद ने ली सदस्यता, सोशल मीडिया पर किया एलान

युवाओं के इस डिजिटल आंदोलन को अब राजनीतिक गलियारों से भी बड़ा समर्थन मिलने लगा है। टीएमसी (TMC) की तेजतर्रार सांसद महुआ मोइत्रा और पूर्व क्रिकेटर व सांसद कीर्ति आजाद ने बकायदा सोशल मीडिया पर इस ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की सदस्यता लेने का एलान कर दिया है। महुआ मोइत्रा ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं एंटी नेशनल पार्टी की सदस्य होने के अलावा CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) में भी शामिल होना चाहूंगी।” इसके तुरंत बाद पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने भी इसी तरह का पोस्ट शेयर कर पार्टी को अपना समर्थन दिया। इस अनोखी पार्टी के आधिकारिक हैंडल ने भी तुरंत रिप्लाई करते हुए दोनों दिग्गज नेताओं का अपनी पार्टी में स्वागत किया, जिसके बाद से यह मामला टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है।

आखिर सीजेआई सूर्यकांत ने क्या कहा था, जिस पर भड़क उठे लोग?

दरअसल, यह पूरा विवाद बीते शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका पर सुनवाई के दौरान शुरू हुआ था। सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ के सामने वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) का दर्जा हासिल करने की कोशिश कर रहे एक वकील की याचिका आई थी। कोर्ट ने योग्यता के पैमाने पर वकील को फटकार लगाते हुए बेहद सख्त टिप्पणियां कीं। सीजेआई सूर्यकांत ने याचिकाकर्ता से कहा था, “पूरी दुनिया वरिष्ठ अधिवक्ता बनने की कोशिश कर रही है, लेकिन कम से कम आप इसके योग्य नहीं हैं। समाज में पहले से ही ऐसे परजीवी हैं जो व्यवस्था पर हमला करते हैं और क्या आप भी उनके साथ जुड़ना चाहते हैं?”

इसी दौरान उन्होंने आगे कहा, “कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जिन्हें न तो कोई रोजगार मिलता है और न ही किसी पेशे में उनका कोई स्थान होता है। उनमें से कुछ मीडिया के क्षेत्र में चले जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया कार्यकर्ता बन जाते हैं, तो कुछ आरटीआई (RTI) कार्यकर्ता बन जाते हैं और फिर वे हर किसी पर और सिस्टम पर हमला करना शुरू कर देते हैं।” मुख्य न्यायाधीश के मुंह से बेरोजगार युवाओं के लिए ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल सोशल मीडिया यूजर्स और विपक्ष को नागवार गुजरा।

चौतरफा घिरने के बाद मुख्य न्यायाधीश को देनी पड़ी सफाई

इस बयान के बाद जब देश भर में सोशल मीडिया पर युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा और न्यायपालिका की आलोचना होने लगी, तो मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद सीजेआई सूर्यकांत को सामने आकर सफाई पेश करनी पड़ी। उन्होंने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उनके बयान को मीडिया के एक वर्ग द्वारा गलत संदर्भ में और तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है, जिससे उन्हें गहरा ‘दुख’ पहुंचा है। सीजेआई ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि उन्होंने यह टिप्पणी देश के आम या बेरोजगार युवाओं के खिलाफ नहीं की थी, बल्कि उनका यह गुस्सा उन लोगों के लिए था जो “फर्जी और नकली डिग्रियों” के सहारे कानूनी पेशे में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे हैं और न्याय व्यवस्था को बदनाम कर रहे हैं। हालांकि, सीजेआई की इस सफाई के बाद भी सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का ट्रेंड थमने का नाम नहीं ले रहा है।

Check Also

मोहन भागवत के अमेरिकी दौरे से पहले विवाद: USCIRF ने की RSS पर बैन की मांग, PM मोदी का भी लिया नाम

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत के आगामी अमेरिका दौरे को लेकर अंतरराष्ट्रीय …