CM योगी ने भरी सभा में ली सांसद रवि किशन की चुटकी, ठहाकों से गूंज उठा गोरखपुर

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सख्त तेवरों के लिए जाने जाते हैं, लेकिन जब बात अपने गृह जनपद गोरखपुर और वहां के सांसद व अभिनेता रवि किशन की हो, तो उनका मजाकिया अंदाज भी देखते ही बनता है। एक बार फिर सार्वजनिक मंच से सीएम योगी ने रवि किशन की चुटकी लेते हुए उनके संघर्ष के दिनों को गुदगुदाने वाले अंदाज में याद किया। मुख्यमंत्री ने मजाकिया लहजे में कहा कि रवि किशन घर की मार से बचने के लिए भागे थे और जब कुछ नहीं सूझा, तो फिल्मों में चले गए।

‘फिल्म सिटी होती तो मुंबई न भटकना पड़ता’

गोरखपुर में एक लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “अगर यूपी में पहले फिल्म सिटी होती, तो रवि किशन को मुंबई जाकर भटकना नहीं पड़ता। ये कलाकार थे और कलाकार को सम्मान मिलना चाहिए। लेकिन जब ये मुंबई गए होंगे, तब इन्हें भी भरोसा नहीं रहा होगा कि ये इतने बड़े कलाकार बन पाएंगे। दरअसल, ये तो घर की मार से बचने के लिए भाग गए थे। अब काम-धाम कुछ आता नहीं था, तो सोचा चलो फिल्मों में ही काम कर लें। उसी बहाने वहां गए और अपनी मेहनत से आज सफल हो गए।” सीएम की इस बात पर मंच पर बैठे रवि किशन मुस्कुराने लगे और जनता ने जमकर ठहाके लगाए।

कालीबाड़ी के बाबा और रवि किशन करेंगे शूटिंग

योगी आदित्यनाथ यहीं नहीं रुके, उन्होंने विरासत गलियारे (Heritage Corridor) का जिक्र करते हुए कालीबाड़ी के महंत बाबा रविंद्र दास को भी लपेटे में लिया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “जब विरासत गलियारा बनकर तैयार हो जाएगा, तो छुट्टी के दिन सांसद रवि किशन और कालीबाड़ी के बाबा यहीं मिलकर फिल्म की शूटिंग करेंगे।” उन्होंने नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग की तारीफ करते हुए कहा कि अब वहां बाबा का प्रवचन भी हो सकेगा और चुनाव के समय हम जनसभा भी कर लेंगे, जिससे सड़क भी जाम नहीं होगी।

पहले भी ले चुके हैं ‘नाच-गाकर’ कमाने पर मजे

यह पहली बार नहीं है जब योगी ने रवि किशन पर ऐसा कटाक्ष किया हो। इससे पहले होलिका दहन के अवसर पर भी उन्होंने कहा था, “रवि किशन तो कलाकार हैं, वे कहीं भी नाच-गाकर पैसा कमा लेंगे, लेकिन कालीबाड़ी वाले बाबा कहां कमाएंगे? जब जनता समृद्ध होगी, तभी बाबा के पास भी कुछ आएगा।” सीएम योगी का यह अंदाज दिखाता है कि वे विकास कार्यों के साथ-साथ अपने सहयोगियों के साथ हल्के-फुल्के पल साझा करना भी बखूबी जानते हैं।

यूपी के नौजवानों को घर में मिलेगा रोजगार

मजाक के बीच सीएम ने एक गंभीर संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि रवि किशन जैसे गिने-चुने लोग ही संघर्ष कर सफल हो पाते हैं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की अपनी फिल्म सिटी तैयार है। अब यूपी के नौजवानों को रोजगार की तलाश में मुंबई या बाहर भटकने की जरूरत नहीं होगी, उन्हें प्रदेश के अंदर ही अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर और सम्मान मिलेगा।

Check Also

केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में कहा “हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं

श्री मौर्य ने आज 7 कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन में कहा, “प्रदेशभर से आए …