यरुशलम: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीदों के बीच एक बार फिर धमाकों की आहट सुनाई देने लगी है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार को एक ऐसा बयान दिया है जिसने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। काट्ज ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि ईरान के खिलाफ इजरायल ‘दूसरे चरण’ की सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर चुका है। उन्होंने कहा कि इस्लामी गणराज्य को दोबारा सिर उठाने और इजरायल के लिए खतरा बनने से रोकने के लिए फिर से हमला करना अनिवार्य हो सकता है।
ट्रंप-नेतन्याहू की जुगलबंदी: मिशन ‘जीरो थ्रेट’
एक सैन्य समारोह के दौरान रक्षा मंत्री काट्ज ने हुंकार भरते हुए कहा कि यह पूरा सैन्य अभियान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच सटीक समन्वय के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान न केवल इजरायल, बल्कि अमेरिका और पूरी स्वतंत्र दुनिया के लिए कभी खतरा न बन पाए। इस उद्देश्य को पाने के लिए हमें बहुत जल्द फिर से ऑपरेशन शुरू करना पड़ सकता है।” इजरायल का मानना है कि पिछले हमलों में भले ही ईरान को चोट पहुँची हो, लेकिन उसका खतरा अभी टला नहीं है।
डोनाल्ड ट्रंप का ‘No More Mr. Nice Guy’ संदेश
इजरायल के इस आक्रामक रुख को वाशिंगटन से भी पूरा समर्थन मिल रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उसे ‘बहुत जल्द समझदार’ बनना होगा। ट्रंप ने एक व्यंग्यात्मक तस्वीर साझा की जिसमें वे हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं और कैप्शन में लिखा है— ‘No More Mr. Nice Guy’। ट्रंप ने साफ किया कि ईरान को गैर-परमाणु समझौते की मेज पर आना ही होगा, वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।
हिजबुल्लाह के साथ कोई युद्धविराम नहीं: IDF चीफ
ईरान के साथ-साथ लेबनान फ्रंट पर भी इजरायल ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। आईडीएफ (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ईयाल जमीर ने साफ कर दिया है कि हिजबुल्लाह के साथ कोई युद्धविराम नहीं चल रहा है। लेबनान सरकार के साथ कागजी समझौतों के बावजूद, जमीनी हकीकत यह है कि इजरायली सेना हिजबुल्लाह के ठिकानों को लगातार निशाना बना रही है। जमीर ने सैनिकों को निर्देश देते हुए कहा, “बफर जोन तब तक खाली नहीं होगा जब तक उत्तरी इजरायल पूरी तरह सुरक्षित न हो जाए। आतंकियों को खोज-खोजकर मार गिराएं।”
मैदान-ए-जंग में तनाव बरकरार: ड्रोन और रॉकेटों की बारिश
जमीनी मोर्चे पर गुरुवार को भी भारी हलचल रही। इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के एक रॉकेट लॉन्चर को तबाह कर दिया और दो घातक विस्फोटक ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया। वहीं, हिजबुल्लाह भी ‘फर्स्ट पर्सन व्यू’ (FPV) ड्रोनों के जरिए इजरायली सैनिकों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है। भले ही अमेरिका मध्यस्थता कर रहा हो, लेकिन 17 अप्रैल से शुरू हुआ तथाकथित युद्धविराम केवल बयानों तक सीमित नजर आ रहा है, जबकि असलियत में बारूद अभी भी बरस रहा है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया