यूपी में ‘मुख्यमंत्री युवा सलाहकार समिति’ गठन की मांग, बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सीएम योगी को भेजा खास प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए एक अहम कदम उठाया गया है। लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के तेजतर्रार विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक विस्तृत नीति-पत्र भेजकर ‘मुख्यमंत्री युवा सलाहकार समिति’ (CMYAC) के गठन का अनूठा प्रस्ताव सौंपा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं की ऊर्जा और आधुनिक विचारों को सीधे शासन तथा नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है, जिससे प्रदेश के विकास को एक नई रफ्तार मिल सकेगी।

समिति का स्वरूप और कार्यप्रणाली

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक, प्रस्तावित 31 सदस्यीय इस उच्चस्तरीय समिति में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 20 सर्वश्रेष्ठ मस्तिष्क (बेस्ट ब्रेन) वाले युवाओं को शामिल किया जाएगा। इस समिति में यूपीएससी (UPSC), आईआईटी (IIT), और आईआईएम (IIM) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के मेधावी छात्र, युवा वैज्ञानिक, उभरते उद्यमी, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और प्रगतिशील किसानों को जगह देने की सिफारिश की गई है। इस पूरी व्यवस्था के तहत हर तीन महीने पर समिति की नियमित बैठक आयोजित होगी, साल में एक बार मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विशेष ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम होगा और युवाओं की सुगम पहुंच के लिए ‘युवा सेतु यूपी’ नाम से एक समर्पित डिजिटल पोर्टल भी विकसित किया जाएगा।

जेन जी और ‘यूथ अड्डा’ पहल पर विशेष फोकस

वर्तमान समय में देश भर में जेन जी (Gen Z) पीढ़ी का उभार तेजी से देखने को मिल रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए योगी सरकार उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए कई प्रभावी योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में ‘यूथ अड्डा’ अनौपचारिक मॉडल के जरिए युवाओं और उद्यमिता के बीच की दूरी को कम किया जा रहा है। कॉफी या चाय पर खुले संवाद के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का स्पष्ट विजन है कि आज का युवा केवल वित्तीय अनुदान या लोन नहीं चाहता, बल्कि वह अपने बिजनेस आइडिया को समझने, अनुभवी मेंटर्स से जुड़ने और सीधे बाजार तक अपनी पहुंच बनाने के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम चाहता है।

Check Also

UP-Japan Investment Meet: ‘यूपी में लगाएं उद्योग, हर कदम पर मिलेगा पूरा सहयोग’, जापानी CEOs से बोले सीएम योगी; 500 एकड़ की ‘जापानी सिटी’ और ₹3191 करोड़ के प्रोजेक्ट्स से खुलेंगे 10 हजार नौकरियों के द्वार

लखनऊ/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र और 1 ट्रिलियन डॉलर की …