कचरा समझकर न फेंकें नींबू के छिलके! बिना तेल-मसाले के ऐसे बनाएं चटपटा अचार, उंगलियां चाटते रह जाएंगे

Lemon Peel Pickle Recipe: अक्सर घरों में नींबू निचोड़ने के बाद हम उसके छिलकों को बेकार समझकर डस्टबिन में फेंक देते हैं। कुछ लोग इसका इस्तेमाल बर्तन चमकाने या हाथों की टैनिंग दूर करने के लिए करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हीं बेकार समझे जाने वाले छिलकों से आप एक बेहद स्वादिष्ट और औषधीय गुणों से भरपूर अचार तैयार कर सकते हैं? दाल-चावल हो या गरमा-गरम पराठे, यह अचार खाने का जायका दोगुना कर देता है। सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में न तो तेल का झंझट है और न ही घंटों की मेहनत।

सेहत का खजाना हैं नींबू के छिलके

ज्यादातर लोग नहीं जानते कि नींबू के रस से ज्यादा पोषक तत्व उसके छिलकों में छिपे होते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन-C, फाइबर (पेक्टिन), कैल्शियम और पोटैशियम पाया जाता है। छिलकों में मौजूद ‘डी-लिमोनेन’ (d-limonene) नामक प्राकृतिक तेल और एंटीऑक्सीडेंट्स इसे सेहत के लिए वरदान बनाते हैं। यह न केवल पाचन में सुधार करता है बल्कि आपकी इम्यूनिटी को भी बूस्ट करने में मदद करता है।

अचार के लिए छिलकों को कैसे करें इकट्ठा?

परफेक्ट अचार बनाने के लिए सही छिलकों का चुनाव जरूरी है। जब भी घर में नींबू का इस्तेमाल हो, तो पूरी तरह साफ और सूखे छिलकों को एक कांच के जार में जमा करना शुरू कर दें। ध्यान रहे कि जार में नमी या गंदगी बिल्कुल न हो, वरना फफूंद लगने का डर रहता है। 4-5 दिनों तक छिलके इकट्ठा करें, लेकिन उन्हें पूरी तरह सूखने न दें। छिलकों में हल्की सी तासीर रहने पर अचार का स्वाद और बनावट ज्यादा बेहतर आती है।

बनाने की बेहद आसान विधि (Step-by-Step)

नींबू के छिलके का अचार बनाना बच्चों का खेल है। इसके लिए आपको बस कुछ बेसिक चीजों की जरूरत होगी:

  • सामग्री: एक कांच की सूखी शीशी, 2 चम्मच काला नमक, 1 चम्मच अजवाइन, आधा चम्मच सादा नमक, और आधा चम्मच चीनी। (अगर आपको तीखा पसंद है, तो स्वादानुसार लाल मिर्च या काली मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं।)

  • तरीका: सबसे पहले जार में सभी मसाले डाल दें। अब इसमें नींबू के छिलके डालें और जार को अच्छे से हिलाएं (Shake) ताकि मसाले छिलकों पर चिपक जाएं।

  • गलने का समय: इस जार को बंद करके रख दें। अगले 10-15 दिनों तक इसे बीच-बीच में हिलाते रहें। धीरे-धीरे छिलके गलने लगेंगे और अचार तैयार हो जाएगा।

सावधान! अचार काला होने पर डरें नहीं

अक्सर लोग देखते हैं कि कुछ दिनों बाद नींबू के छिलके काले पड़ने लगे हैं और उन्हें लगता है कि अचार खराब हो गया है। हकीकत में, नींबू का अचार जितना पुराना और काला होता है, वह उतना ही औषधीय और सुपाच्य माना जाता है। काला पड़ना इस बात का संकेत है कि छिलके पूरी तरह गल चुके हैं और मसालों के साथ अच्छे से रच-बस गए हैं। इसे आप महीनों तक स्टोर कर सकते हैं।

Check Also

डेंगू में अचानक गिरने लगे प्लेटलेट्स? तुरंत रिकवरी के लिए अपनाएं ये 5 असरदार तरीके; डॉक्टर से लेकर डाइट तक बड़े काम की है खबर

डेंगू वायरस शरीर में प्रवेश करते ही बोन मैरो (Bone Marrow) पर असर डालता है, …