Elvish Yadav on Praneet More Controversy: “कंसेंट का एमआरपी नहीं होता”, ‘370 की बिरयानी’ विवाद पर एल्विश यादव का करारा तंज, जानें क्या है पूरा मामला

सोशल मीडिया पर इन दिनों स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे (Praneet More) के एक शो की वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिस पर इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है. इस विवादित वीडियो में महिलाओं की गरिमा और सहमति (Consent) को लेकर किए गए एक आपत्तिजनक कमेंट पर अब ‘बिग बॉस ओटीटी’ विनर और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव (Elvish Yadav) का भी तीखा रिएक्शन सामने आया है. एल्विश ने इस पूरे मामले को लेकर वीडियो में दिख रहे युवक और कॉमेडियन दोनों को आड़े हाथों लिया है. वहीं, विवाद इतना बढ़ चुका है कि टिप्पणी करने वाले युवक को अपनी नौकरी से भी हाथ धोना पड़ गया है.

“बिरयानी तो दम पर बनी थी, विवाद ईगो पर…” एल्विश का एक्स (X) पोस्ट वायरल

इस पूरे विवाद पर अपनी राय रखते हुए एल्विश यादव ने अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) हैंडल से एक बेहद सटीक और विचारणीय पोस्ट साझा किया है. एल्विश ने लिखा, “370 की बिरयानी ने दो चीजें एक्सपोज कर दी हैं. एक आदमी को लगा कंसेंट (सहमति) का एमआरपी (MRP) होता है. और एक कॉमेडियन को लगा हर असहज चुप्पी को लाफ्टर ट्रैक से बचाया जा सकता है. बिरयानी तो दम पर बनी थी, विवाद ईगो पर.” एल्विश का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग उनकी इस बात का समर्थन कर रहे हैं.

जानिए क्या है ‘370 रुपये की बिरयानी’ का पूरा विवाद?

यह पूरा बखेड़ा प्रणित मोरे के एक स्टैंडअप कॉमेडी शो के दौरान क्राउड वर्क (दर्शकों से बातचीत) की वायरल क्लिप से शुरू हुआ. शो के दौरान गुरुग्राम के रहने वाले हिमांशु जांगड़ा नाम के एक युवक ने अपनी एक डेट का किस्सा सुनाया. हिमांशु ने बताया कि उसने डेट पर एक लड़की के लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी ऑर्डर की थी. डेट खत्म होने के बाद जब लड़की ने अपने घर जाने की बात कही, तो हिमांशु ने कैमरे के सामने हंसते हुए कहा, “मैंने सोचा कि 370 की बिरयानी खिलाई है, तो वसूलूंगा तो है ही.”

इस कमेंट के दौरान शो के होस्ट प्रणित मोरे भी मंच पर हंसते हुए नजर आए. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, लोगों ने हिमांशु की इस घटिया मानसिकता और महिलाओं के प्रति उनके नजरिए की कड़ी आलोचना शुरू कर दी.

भारी विरोध के बीच गई युवक की नौकरी, कंपनी ने जारी किया बयान

सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और आक्रोश इस कदर बढ़ा कि हिमांशु जांगड़ा जिस कंपनी में काम करते थे, वहां तक यह बात पहुंच गई. विवाद को बढ़ता देख कंपनी के संस्थापक ने तुरंत एक आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट जारी कर बताया कि हिमांशु को नौकरी से टर्मिनेट (निकाला) कर दिया गया है.

कंपनी के फाउंडर ने बताया, “वायरल वीडियो के सामने आने के बाद हमारे पास सैकड़ों की संख्या में ईमेल, कॉल और मैसेज आ रहे थे, जिसके बाद हमने त्वरित कार्रवाई की.” हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि कंपनी ने हिमांशु के काम करने के तौर-तरीकों और महिला कर्मचारियों के साथ उनके व्यवहार को लेकर एक आंतरिक जांच भी बैठाई थी. जांच में पाया गया कि ऑफिस की किसी भी महिला सहकर्मी ने हिमांशु पर कोई आरोप नहीं लगाया है और वह ऑफिस में काफी मेहनती व मर्यादित थे. लेकिन सार्वजनिक मंच पर ऐसी मानसिकता का प्रदर्शन करने के कारण कंपनी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया.

कॉमेडियन प्रणित मोरे ने भी मांगी जनता से माफी

इस वीडियो को लेकर न केवल हिमांशु, बल्कि मंच पर खड़े होकर इस बात का मजा लेने वाले कॉमेडियन प्रणित मोरे को भी भारी आलोचना का सामना करना पड़ा. लोगों ने कहा कि ऐसी असंवेदनशील बातों को कॉमेडी के नाम पर बढ़ावा देना पूरी तरह गलत है. चौतरफा दबाव और बवाल बढ़ता देख आखिरकार कॉमेडियन प्रणित मोरे ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर जनता से अपनी इस चूक के लिए लिखित में माफी मांग ली है.

Check Also

Sadhana and Raj Kapoor Dispute: जब राज कपूर के एक कड़वे कमेंट से आहत हुई थीं साधना, सालों तक दिल में रखी नफरत, फिर ऐसे बनीं उनकी हीरोइन

बॉलीवुड के ‘शोमैन’ कहे जाने वाले राज कपूर (Raj Kapoor) ने अपने दौर में सिनेमा …