उत्तर प्रदेश में गर्मी और जानलेवा लू (Heat Wave) ने अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करना शुरू कर दिया है। सूबे के 11 प्रमुख शहरों में सूरज इस कदर आग उगल रहा है कि दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसर जाता है। लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। इस भयंकर तपिश में सबसे बुरा हाल बुंदेलखंड के बांदा जिले का है, जहां पारा रिकॉर्डतोड़ 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पूरे 37 साल बाद बांदा में तापमान 48 डिग्री के पार गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने बांदा को ‘रेड जोन’ घोषित कर दिया है और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
इन 11 शहरों में तवे की तरह तप रही है धरती, पारा 43 डिग्री के पार
उत्तर प्रदेश के 11 सबसे गर्म शहरों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि स्थिति कितनी भयावह हो चुकी है:
| शहर का नाम | अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
| बांदा | 48.2°C |
| आगरा (ताज) | 46.5°C |
| झांसी | 46.5°C |
| प्रयागराज | 45.8°C |
| उरई | 45.2°C |
| कानपुर आईएएफ | 44.8°C |
| वाराणसी (BHU) | 44.5°C |
| कानपुर (CSA) | 44.0°C |
| मुजफ्फरनगर | 43.6°C |
| अलीगढ़ | 43.4°C |
| चुर्क | 43.2°C |
| इटावा | 43.0°C |
इनके अलावा हरदोई और फुर्सतगंज में भी पारा 42 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जबकि राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लू का जानलेवा टॉर्चर: अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़, जिला अस्पताल में लगे एसी
बांदा में पड़ रही इस ऐतिहासिक गर्मी के बीच लू अब जानलेवा साबित हो रही है। कमासिन थाना क्षेत्र के ममसी खुर्द गांव में खेत में काम कर रहे एक 42 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि भीषण लू की चपेट में आने से उसकी जान गई, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है।
इसके साथ ही हीटस्ट्रोक, डायरिया और पेट दर्द से पीड़ित दर्जनों मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों के पर्चा काउंटरों और ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के सीएमएस के. कुमार ने बताया कि मरीजों को राहत देने के लिए वार्डों में स्पेशल एसी (Air Conditioner) लगवाए गए हैं और ट्रॉमा सेंटर में कूलरों का इंतजाम किया गया है।
परिषदीय स्कूलों में शुरू हुईं गर्मी की छुट्टियां, रोडवेज की कमाई घटी
भीषण गर्मी और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जूनियर स्तर तक के स्कूलों को पहले ही बंद करने का आदेश दे दिया था। वहीं, उत्तर प्रदेश के सभी परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में बुधवार (20 मई) से 15 जून तक के लिए आधिकारिक तौर पर ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) शुरू हो गया है।
इस भयंकर तपन का असर अब परिवहन सेवाओं पर भी दिखने लगा है। लोग बहुत ज्यादा जरूरी होने पर ही सफर कर रहे हैं, जिससे बांदा डिपो की दैनिक आय 22 लाख रुपये से घटकर 21 लाख रुपये पर आ गई है। एआरएम डीके चौबे के मुताबिक, अगर तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो पैसेंजर लोड और कम हो सकता है।
मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: इन जिलों में ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ वॉर्निंग
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों के लिए अत्यधिक भीषण लू का रेड अलर्ट और बाकी ज्यादातर इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है:
-
रेड अलर्ट (भीषण लू वाले क्षेत्र): बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और इसके आसपास के जिले।
-
ऑरेंज अलर्ट (गंभीर लू वाले क्षेत्र): कौशाम्बी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, औरैया और ललितपुर।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच बहुत जरूरी न होने पर घरों से बाहर न निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया