पंजाब में ‘ऑपरेशन लोटस’ का डर! 7 सांसदों के बाद अब विधायकों में टूट की आहट, सिसोदिया ने इमरजेंसी में जालंधर बुलाए सभी MLA

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए सियासी संकट गहराता जा रहा है। राज्यसभा के 7 कद्दावर सांसदों, जिनमें राघव चड्ढा और रणनीतिकार संदीप पाठक जैसे नाम शामिल हैं, के भाजपा में जाने के बाद अब पंजाब की भगवंत मान सरकार पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। पार्टी को डर है कि सांसदों के बाद अब विधायकों की बारी हो सकती है। इसी ‘डैमेज कंट्रोल’ के लिए दिल्ली से मनीष सिसोदिया को पंजाब भेजा गया है।

जालंधर में कल विधायकों की ‘अग्निपरीक्षा’, सिसोदिया-मान करेंगे मन की बात

पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने आनन-फानन में कल, 29 अप्रैल को पार्टी के सभी 92 विधायकों को जालंधर तलब किया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे। सिर्फ विधायक ही नहीं, बल्कि ब्लॉक ऑब्जर्वर्स और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को भी बुलाया गया है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व उन असंतुष्ट विधायकों का मन टटोलने की कोशिश करेगा जो मंत्री पद न मिलने या अन्य कारणों से काफी समय से नाराज चल रहे हैं।

संदीप पाठक और राघव चड्ढा बढ़ा सकते हैं मुश्किलें

सबसे बड़ी चिंता का विषय संदीप पाठक और राघव चड्ढा का भाजपा में जाना है। राघव चड्ढा ने भाजपा ज्वाइन करते वक्त दावा किया था कि ‘आप’ के 60 से ज्यादा विधायक उनके संपर्क में हैं। वहीं, संदीप पाठक पंजाब में पार्टी के मुख्य रणनीतिकार रहे हैं। उन्होंने ही जमीन पर टीमें तैयार की थीं और वह हर विधायक की ताकत और कमजोरी से वाकिफ हैं। माना जा रहा है कि पाठक पंजाब में पार्टी को बड़ा झटका देने की पटकथा लिख सकते हैं।

संजय सिंह दिल्ली और सिसोदिया पंजाब में संभालेंगे कमान

पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बीच हुई हाई-लेवल मीटिंग में तय किया गया है कि भविष्य के नुकसान को रोकने के लिए दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा जाए। संजय सिंह को दिल्ली के विधायकों को एकजुट रखने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मनीष सिसोदिया को पंजाब में किलेबंदी करने का जिम्मा सौंपा गया है।

विपक्ष का दावा: “28 विधायक छोड़ सकते हैं साथ”

विपक्ष भी इस आग में घी डालने का काम कर रहा है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया है कि ‘आप’ के 60 से 65 विधायक पाला बदलने की तैयारी में हैं। उन्होंने भगवंत मान की तुलना महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे से करते हुए पंजाब में तख्तापलट की आशंका जताई है। वहीं, पूर्व आप नेता नवीन जयहिंद ने तो यहां तक कह दिया है कि आने वाले दिनों में 28 विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं, जिससे पंजाब सरकार गिर सकती है।

Check Also

महुआ मोइत्रा की बढ़ीं मुश्किलें, क्या होंगी गिरफ्तार? कोर्ट में पेश न होने पर टीएमसी सांसद के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी, 28 अगस्त तक मांगी तामील रिपोर्ट

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की फायरब्रांड नेता और पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से लोकसभा सांसद महुआ …