सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों की सैलरी में जबरदस्त उछाल, DA बढ़ाकर दिया तोहफा

चेन्नई: तमिलनाडु की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय (थलपति विजय) एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शपथ लेने के चंद दिनों के भीतर ही उन्होंने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों को खुशियों की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की फाइल पर मुहर लगाकर यह साफ कर दिया है कि उनकी सरकार जन-कल्याण और कर्मचारी हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अब 58 नहीं 60% मिलेगा महंगाई भत्ता

राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस संशोधन के बाद अब कर्मचारियों को मिलने वाला DA 58 प्रतिशत से बढ़कर सीधे 60 फीसदी हो जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह बढ़ोतरी पिछली तारीख यानी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इसका सीधा मतलब यह है कि कर्मचारियों को पिछले महीनों का एरियर भी मिलेगा, जिससे उनके बैंक खातों में मोटी रकम आएगी।

सरकारी खजाने पर पड़ेगा 1,230 करोड़ का भार

डीए में इस बढ़ोतरी से तमिलनाडु सरकार के खजाने पर सालाना लगभग 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। हालांकि, मुख्यमंत्री विजय ने स्पष्ट किया है कि सरकार आवश्यक धनराशि आवंटित करेगी ताकि अधिकारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों के जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने संकल्प लिया है कि राज्य के लोगों के लिए नई कल्याणकारी योजनाएं तैयार की जाएंगी और उन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा।

महिलाओं के लिए भी खुशखबरी: 1000 रुपये की किस्त जल्द

कर्मचारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने राज्य की महिलाओं को भी राहत दी है। ‘कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना के लाभार्थियों के लिए मई महीने की 1,000 रुपये की किस्त जल्द ही जारी की जाएगी। विजय ने निर्देश दिया है कि यह राशि बिना किसी देरी के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में (DBT) जमा की जाए। हालांकि, आगामी समय में इस योजना का पुनर्गठन भी किया जा सकता है क्योंकि विजय की पार्टी TVK ने चुनाव से पहले महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था।

कर्मचारी और पेंशनभोगी वर्ग में उत्साह

मुख्यमंत्री के इस फैसले का राज्य भर के शिक्षक संघों और सरकारी कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया है। पद संभालने के इतने कम समय में DA बढ़ाने के फैसले को विजय की एक मास्टरस्ट्रोक पारी के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि बाजार में नकदी का प्रवाह भी बढ़ेगा जो राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।

Check Also

तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी का अमेरिका दौरा रद्द: केंद्र सरकार ने नहीं दी राजनीतिक मंजूरी, लंदन से ही 23 अगस्त को लौटेंगे स्वदेश

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी (A. Revanth Reddy) के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को लेकर …