लखनऊ: उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले गाजियाबाद की पहचान अब सिर्फ दिल्ली के पड़ोसी शहर के रूप में नहीं, बल्कि एक ‘ग्लोबल स्पोर्ट्स और बिजनेस हब’ के तौर पर होने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत गाजियाबाद में करीब 2200 करोड़ रुपये की लागत से एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और अत्याधुनिक एरोसिटी के निर्माण की तैयारी पूरी हो चुकी है। यह महापरियोजना न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी, बल्कि निवेश और रोजगार के मामले में भी प्रदेश का नया पावरहाउस बनेगी।
खेल और व्यापार का बेजोड़ संगम: 417 एकड़ में दिखेगा भविष्य
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने इस मेगा प्रोजेक्ट का ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। यह पूरा प्रोजेक्ट कुल 417 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला होगा। योजना के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन के मोर्टी इलाके में 37 एकड़ जमीन पर करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। वहीं, इस स्टेडियम के चारों तरफ 380 एकड़ भूमि पर 1800 करोड़ रुपये की लागत से ‘एरोसिटी टाउनशिप’ विकसित की जाएगी। यह अपनी तरह का पहला एकीकृत हब होगा जहां खेल, मनोरंजन और वैश्विक व्यापार एक साथ नजर आएंगे।
2014 से फाइलों में दबी योजना को योगी सरकार ने दी रफ्तार
हैरानी की बात यह है कि इस शानदार प्रोजेक्ट की परिकल्पना साल 2014-15 में ही कर ली गई थी, लेकिन पिछली सरकारों की इच्छाशक्ति की कमी और नीतिगत उलझनों के कारण यह प्रोजेक्ट एक दशक तक ठंडे बस्ते में रहा। विकास के दावों के बीच यह फाइलें धूल फांकती रहीं, लेकिन योगी सरकार ने इसे अपनी प्राथमिकता में शामिल कर सभी कानूनी और तकनीकी बाधाओं को दूर कर दिया है। अब जल्द ही इस योजना का शिलान्यास होने जा रहा है, जिससे गाजियाबाद को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
वेस्ट यूपी में पहली बार होगा इंटरनेशनल क्रिकेट का रोमांच
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह खबर किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। नए इंटरनेशनल स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 30,000 होगी। इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से अत्याधुनिक लाइटिंग, हाई-टेक मीडिया सेंटर और वर्ल्ड क्लास ड्रेनेज सिस्टम से लैस किया जाएगा। इस स्टेडियम के तैयार होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खेल प्रेमियों को बड़े अंतरराष्ट्रीय मैच देखने के लिए दिल्ली या कानपुर का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह स्टेडियम क्षेत्र की नई खेल प्रतिभाओं के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा।
एरोसिटी बनेगी निवेश और रोजगार का नया केंद्र
स्टेडियम के इर्द-गिर्द विकसित होने वाली एरोसिटी इस प्रोजेक्ट का सबसे आकर्षक हिस्सा है। हिंडन एयरपोर्ट की नजदीकी का फायदा उठाते हुए यहां लक्जरी होटल्स, हाई-टेक बिजनेस पार्क, लग्जरी शॉपिंग मॉल और स्पोर्ट्स एकेडमियां बनाई जाएंगी। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से बनने वाला यह हब न केवल लाखों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा करेगा, बल्कि गाजियाबाद को रहने और व्यापार करने के लिहाज से दुनिया के बेहतरीन शहरों की कतार में खड़ा कर देगा।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया