
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियों और संगठन को नई धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में प्रदेश की जिला इकाइयों के पुनर्गठन और नई नियुक्तियों को लेकर लखनऊ में हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जिला अध्यक्षों की घोषणा जल्द हो सकती है, जिसके लिए राजधानी में तीन दिवसीय हाई-प्रोफाइल बैठकों का दौर आज से शुरू हो रहा है। इस बैठक में प्रदेश की टीम के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का सीधा दखल नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह संभालेंगे मोर्चा
संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने के लिए हो रही इन बैठकों में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। बैठक के पहले दिन प्रदेश के सभी क्षेत्रों से आए फीडबैक पर चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि जिन जिला अध्यक्षों का कार्यकाल पूरा हो चुका है या जिनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, उनकी विदाई तय मानी जा रही है। पंकज चौधरी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नई टीम में ऊर्जावान और जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
आरएसएस के अरुण कुमार की मौजूदगी ने बढ़ाई धड़कनें
इस बार की बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह अरुण कुमार भी शामिल हो रहे हैं। संगठन और संघ के बीच बेहतर तालमेल बिठाने और आगामी चुनौतियों को देखते हुए अरुण कुमार का मंथन में शामिल होना बड़े बदलावों की ओर इशारा कर रहा है। संघ के पदाधिकारी उन नामों पर भी विचार कर रहे हैं जो सामाजिक समीकरणों को साधने में सक्षम हों। जानकारों का कहना है कि संघ की रिपोर्ट के आधार पर कई जिलों में चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं।
तीन दिनों तक चलेगा बैठकों का दौर, 2027 पर नजर
भाजपा मुख्यालय पर शुरू हुआ यह बैठकों का सिलसिला अगले तीन दिनों तक अनवरत चलेगा। इस दौरान प्रत्येक जिले की वर्तमान स्थिति, जातिगत समीकरण और स्थानीय गुटबाजी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक का मुख्य फोकस ऐसे चेहरों को आगे लाना है जो आने वाले समय में विपक्षी घेराबंदी का डटकर मुकाबला कर सकें। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक की नजरें इस बैठक पर टिकी हैं, क्योंकि यहां से निकलने वाला ‘नामों का ड्राफ्ट’ ही यूपी भाजपा के भविष्य की रूपरेखा तय करेगा।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया