वाशिंगटन/तेहरान। सामरिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में एक बार फिर युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। गुरुवार देर रात अमेरिकी नौसेना और ईरानी बलों के बीच हुए भीषण संघर्ष ने एक महीने पुराने युद्धविराम को खतरे में डाल दिया है। अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने मिसाइलों और ड्रोनों से पलटवार किया, जिससे वैश्विक तेल बाजार में हड़कंप मच गया और कच्चे तेल की कीमतों में 3% का उछाल देखा गया।
होर्मुज में आधी रात को छिड़ी जंग
ताजा संघर्ष की शुरुआत तब हुई जब अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज के पास ईरानी जहाजों और द्वीपों पर हमला किया। ‘न्यूयार्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में एक ईरानी जहाज आग की लपटों में घिर गया, जिसमें 10 नाविक घायल हुए और 5 लापता हो गए। जवाबी कार्रवाई में ईरानी सेना ने अमेरिका के तीन ‘डेस्ट्रायर’ युद्धपोतों (ट्रक्सटन, पेराल्टा और मेसन) को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइलें दागीं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का दावा है कि ईरानी जहाज अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसे अमेरिका की ‘गैरजिम्मेदाराना’ हरकत करार दिया है।
ट्रंप का चौंकाने वाला बयान: ‘सीजफायर अभी टूटा नहीं’
तनाव के चरम पर होने के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे ज्यादा तूल देने से इनकार कर दिया। उन्होंने इस सैन्य कार्रवाई को ईरान पर ‘प्यार भरी थपकी’ (Love tap) बताया। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “ईरान ने हमारे साथ खिलवाड़ किया और हमने उन्हें करारा जवाब दे दिया। युद्धविराम अभी भी प्रभावी है, लेकिन अगर ईरान ने जल्द समझौता नहीं किया तो भारी बमबारी की जाएगी।”
ईरान ने भी संकेत दिए हैं कि वे फिलहाल स्थिति को और बिगाड़ना नहीं चाहते और द्वीपों पर स्थिति अब सामान्य है।
यूएई पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला, चीन भी नाराज
तनाव की आंच पड़ोसी देशों तक भी पहुंच गई है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि ईरान ने उस पर दो बैलिस्टिक मिसाइलों और तीन ड्रोनों से हमला किया, जिन्हें हवा में ही मार गिराया गया। इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं।
वहीं, होर्मुज में एक चीनी तेल टैंकर पर हुए हमले से बीजिंग ने सख्त नाराजगी जताई है। हालांकि, टैंकर सुरक्षित है, लेकिन चीन ने क्षेत्र में अपने व्यापारिक हितों को लेकर चिंता व्यक्त की है। इसी बीच, ईरान ने ओमान की खाड़ी में ‘ओशन कोई’ नाम के एक तेल टैंकर को जब्त कर लिया है, जिस पर ईरानी तेल निर्यात में बाधा डालने का आरोप है।
ईरान का दावा: ‘जल्द मनाएंगे जीत का जश्न’
तनाव के बीच ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि तेहरान जल्द ही अमेरिका और इजरायल के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करेगा और सालों से लगे प्रतिबंधों के दबाव से मुक्त हो जाएगा।
यह संघर्ष ऐसे समय में हुआ है जब पूरी दुनिया वाशिंगटन के उस प्रस्ताव पर ईरान के जवाब का इंतजार कर रही है, जिसमें परमाणु कार्यक्रम जैसे विवादित मुद्दों को बाद के लिए छोड़कर फिलहाल जंग रोकने की बात कही गई है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया