बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर पिछले काफी समय से विवादों का बाजार गर्म रहा है। एक वक्त ऐसा भी आया था जब फिल्म में ‘बाबूराव’ का आइकॉनिक किरदार निभाने वाले परेश रावल ने इस प्रोजेक्ट से अपने हाथ पीछे खींच लिए थे, जिसके बाद उन्हें 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस थमा दिया गया था। अब सालों बाद परेश रावल ने एक इंटरव्यू में इस पूरे विवाद, लीगल नोटिस और अक्षय कुमार के साथ अपने रिश्तों पर खुलकर बात की है।
क्यों पहले फिल्म करने से कतरा रहे थे परेश रावल?
विकी लालवानी को दिए एक विशेष इंटरव्यू में परेश रावल ने स्पष्ट किया कि उनकी अक्षय कुमार के साथ काम करने में कोई असहजता नहीं थी। उन्होंने बताया, “यह पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ा एक तकनीकी मामला था। चूंकि फिरोज नाडियाडवाला हेरा फेरी, आवारा पागल दीवाना और वेलकम जैसी फ्रेंचाइजी के अकेले मालिक हैं, इसलिए मुझे इस फिल्म को साइन करने के लिए पहले उनके आधिकारिक अप्रूवल (मंजूरी) की जरूरत थी। जब तक वह नहीं मिलता, मैं किसी और को कमिटमेंट नहीं दे सकता था।”
25 करोड़ का नोटिस देख हैरान रह गए थे ‘बाबूराव’
जब परेश रावल से पूछा गया कि जब उन्हें अक्षय कुमार की तरफ से 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस मिला तो उनका पहला रिएक्शन क्या था? इस पर अभिनेता ने कहा, “जब वह कानूनी नोटिस आया, तो मैं हैरान रह गया। मैंने सोचा कि मुझे इस कानूनी पचड़े में क्यों घसीटा जा रहा है? मैं यहाँ फिल्मों का आनंद लेने और अभिनय करने आया हूँ या इन अदालती मामलों में फंसने? मैंने उसी वक्त खुद से कहा कि मैं इस विवाद का हिस्सा बिल्कुल नहीं बनना चाहता।”
अक्षय का फैसला लीगल से ज्यादा ‘इमोशनल’ था
परेश रावल ने आगे एक दिलचस्प बात कहते हुए बताया कि उन्हें लगता है कि अक्षय कुमार का उन्हें नोटिस भेजना कानूनी से ज्यादा एक भावनात्मक (इमोशनल) रिएक्शन था। शायद अक्षय को लगा होगा कि उनका एक पुराना दोस्त उन्हें फिल्म के लिए मना कैसे कर सकता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या अक्षय ने बाद में उनसे माफी मांगी, तो परेश ने कहा, “हमने कभी बैठकर इस पर कोई औपचारिक चर्चा नहीं की, मामला अपने आप सुलझ गया और हमने बाद में साथ काम भी किया। जेंटलमैन बिना कुछ कहे भी बातें सुलझा लेते हैं।”
हालांकि, परेश रावल के मान जाने के बाद भी ‘हेरा फेरी 3’ पर संकट के बादल पूरी तरह छंटे नहीं हैं। फिल्म के मालिकाना हक को लेकर कानूनी लड़ाई जारी है और निर्देशक प्रियदर्शन ने साफ कर दिया है कि वह इस फिल्म का निर्देशन नहीं करेंगे, बल्कि उनके मुताबिक यह फिल्म शायद कभी रिलीज ही नहीं हो पाएगी।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया