‘जानू, रास्ते का रोड़ा हटा दिया’: US में पत्नी की हत्या कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने भारत में प्रेमिका को भेजी लाश की फोटो

वॉशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन के बेलेव्यू (Bellevue) शहर से दिल दहला देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक आईटी कंपनी में कार्यरत तेलंगाना के 30 वर्षीय सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर अविनाश नार्ने को अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने शादी के महज छह महीने बाद ही अपनी 27 वर्षीय पत्नी राजिता सबिनेनी की गला घोंटकर हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि वह भारत में रहने वाली अपनी प्रेमिका के साथ रहना चाहता था।

प्रेमिका को ‘सबूत’ देने के लिए भेजी मृत पत्नी की तस्वीर

स्थानीय मीडिया और पुलिस जांच में जो सबसे वीभत्स खुलासा हुआ है, उसके अनुसार अविनाश ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के अगले ही दिन भारत में रह रही अपनी सीक्रेट प्रेमिका को राजिता के शव की तस्वीर भेजी थी। वह अपनी प्रेमिका को यह सबूत देना चाहता था कि उसने अपने प्यार की राह में पड़े सबसे बड़े रोड़े को हमेशा के लिए साफ कर दिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी इंजीनियर ने खुद प्रेमिका को डेड बॉडी की फोटो भेजने की बात कबूल कर ली है। वर्तमान में आरोपी ₹48 करोड़ ($5 मिलियन डॉलर) की भारी-भरकम जमानत राशि के साथ अमेरिकी पुलिस की हिरासत में है।

कफ सिरप की झूठी कहानी और स्मार्ट-लॉक ने खोला राज

यह खौफनाक वारदात अक्टूबर 2025 की है। आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर नाटक रचा था कि उसकी पत्नी ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया है। जब पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी, तो राजिता फर्श पर मृत पाई गई। आरोपी ने जांच भटकाने के लिए दावा किया कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब थी और शायद कफ सिरप पीने के बाद वह बेहोश हो गई। उसने यह भी कहा कि वह 40 मिनट के लिए घर से बाहर गया था, तभी किसी घुसपैठिए ने यह किया होगा। लेकिन घर के डिजिटल सिक्योरिटी और ‘स्मार्ट-लॉक सिस्टम’ के डेटा विश्लेषण ने पति के झूठ का पर्दाफाश कर दिया, जिससे साफ हुआ कि उस दौरान घर में कोई तीसरा व्यक्ति दाखिल नहीं हुआ था।

शादी में भी शामिल हुई थी वो ‘दूसरी महिला’

प्रॉसिक्यूटर और जासूसों ने जब अविनाश के पर्सनल कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले, तो कत्ल की असली वजह सामने आई। राजिता से शादी करने से पहले ही अविनाश का भारत में एक महिला के साथ ‘सीक्रेट लव अफेयर’ चल रहा था। हद तो यह है कि वह प्रेमिका इस कपल की शादी में मेहमान बनकर भी आई थी। शादी के बाद भी अविनाश लगातार उसके संपर्क में था। पुलिस को पता चला कि मर्डर वाले दिन भी अविनाश ने अपनी प्रेमिका को चार बार कॉल किया था। वॉशिंगटन राज्य के कड़े कानून के तहत इस भारतीय नागरिक को अब अदालत से आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा मिलना लगभग तय माना जा रहा है।

Check Also

‘बलूचिस्तान से सेना हटाओ वर्ना अंजाम भुगतो’: बलूच नेताओं का पाकिस्तान को आखिरी अल्टीमेटम, संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से लगाई सीधी गुहार

पाकिस्तान का सबसे बड़ा और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध प्रांत बलूचिस्तान एक बार फिर सुलग …