जगद्गुरु रामभद्राचार्य और आशुतोष ब्रह्मचारी में ठनी: उत्तराधिकारी पर हत्या की साजिश का आरोप, गुरु बोले- ‘उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड देख कांप रहा हूं’

नई दिल्ली। धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी में उस समय हड़कंप मच गया जब शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर गंभीर आरोप लगाकर सुर्खियों में आए आशुतोष ब्रह्मचारी ने अब जगद्गुरु रामभद्राचार्य और उनके उत्तराधिकारी को अपने निशाने पर ले लिया है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने एक वीडियो जारी कर जगद्गुरु रामभद्राचार्य की जान को खतरा बताते हुए उनके ही उत्तराधिकारी पर हत्या की साजिश रचने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस गंभीर आरोप के बाद खुद जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने सामने आकर एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने आशुतोष के आपराधिक इतिहास का जिक्र करते हुए अपनी और अपने उत्तराधिकारी की सुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

आशुतोष ब्रह्मचारी का सनसनीखेज दावा: ‘गुरु की हत्या करा सकता है उत्तराधिकारी’

जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य और श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा, ‘यदि मेरे पूज्य गुरुदेव जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की हत्या होती है या उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उनके उत्तराधिकारी रामचंद्र दास की होगी। वह मेरे गुरु की हत्या कराना चाहता है और इस बात के मेरे पास पर्याप्त और पुख्ता सबूत हैं। यदि इन सबूतों की उच्च स्तरीय जांच करा ली जाए, तो यह पूरी तरह सच साबित हो जाएगा।’ मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में सक्रिय भूमिका निभाने वाले आशुतोष के इस बयान ने संत समाज में खलबली मचा दी है।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य का पलटवार: ‘मेरी और उत्तराधिकारी की छवि खराब करने की है साजिश’

आशुतोष ब्रह्मचारी के आरोपों का जवाब देते हुए जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने सोमवार को एक भावुक और कड़ा वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, ‘आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा लगाए गए मनगढ़ंत आरोपों से मेरे मन को बहुत गहरा आघात लगा है। मैं देश-विदेश में जाकर सनातन धर्म और कथा का प्रचार करता हूं। आशुतोष की बातें सुनकर मुझे यह प्रबल आशंका हो रही है कि वह मेरे और मेरे उत्तराधिकारी के खिलाफ कोई बहुत बड़ी साजिश रच रहा है और हमारी सामाजिक छवि को नष्ट करना चाहता है।’

‘अपराधिक इतिहास जानकर कांप रहा हूं’ – रामभद्राचार्य ने की जांच की मांग

वीडियो में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने आशुतोष ब्रह्मचारी के अतीत को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा, ‘उसने कहीं आकर मुझसे दीक्षा ली होगी, लेकिन मुझे यह बिल्कुल नहीं पता था कि उसका मन इतना काला होगा। अब जब मुझे उसके आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) के बारे में पता चला है, तो मैं डर से कांप रहा हूं। मैं लगातार विभिन्न स्थानों पर कथा करने जाता हूं, ऐसे में मेरी सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।’ उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जाए और इस तरह की हरकतों के लिए आशुतोष को संवैधानिक रूप से कठोरतम दंड दिया जाए।

Check Also

धोखाधड़ी, जालसाजी और गबन करने वालों की अब खैर नहीं; सीएम योगी का EOW को बड़ा आदेश, लखनऊ से ऐक्शन शुरू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वित्तीय धोखाधड़ी, पोंजी स्कीम, चिट-फंड और बैंक लोन घोटाले जैसे आर्थिक …