नई दिल्ली | बॉलीवुड में ‘नेपोटिज्म’ (Nepotism) एक ऐसा शब्द है जिस पर अक्सर स्टार किड्स बचते नजर आते हैं, लेकिन आमिर खान के बेटे जुनैद खान ने इस मुद्दे पर जो कहा है, उसने सबको हैरान कर दिया है। जुनैद ने बिना किसी झिझक के यह स्वीकार किया है कि उन्हें नेपोटिज्म शब्द से कोई चिढ़ नहीं है, क्योंकि यह एक कड़वा सच है। उनका मानना है कि लगातार दो फिल्में फ्लॉप होने के बावजूद अगर आज उनके पास ऑफर्स हैं, तो उसके पीछे उनके पिता आमिर खान का नाम और इंडस्ट्री में उनका रसूख है।
“दो फ्लॉप के बाद भी काम मिल रहा है, यह प्रिविलेज है”
विकी लालवानी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान जुनैद खान अपनी असफलता और प्रिविलेज पर काफी ईमानदार नजर आए। जुनैद की हालिया फिल्म ‘एक दिन’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई, जिसमें उनके साथ साई पल्लवी थीं। इससे पहले खुशी कपूर के साथ उनकी फिल्म ‘लवयापा’ भी कोई कमाल नहीं दिखा पाई थी। जुनैद ने कहा, “मुझे इस शब्द (नेपोटिज्म) पर गुस्सा नहीं आता क्योंकि यह सच है। मुझे इंडस्ट्री में बहुत काम मिलता है क्योंकि मैं आमिर खान का बेटा हूं। अभी दो फ्लॉप के बाद भी काम मिल रहा है, बस मुझे काम करने दीजिए।”
बेटे की फिल्म फ्लॉप होने पर परेशान हैं आमिर खान
जुनैद ने खुलासा किया कि वह खुद तो अपनी फिल्मों के फ्लॉप होने पर ज्यादा तनाव नहीं लेते, लेकिन उनके पिता आमिर खान इन चीजों को काफी पर्सनली लेते हैं। उन्होंने बताया, “डैड ‘एक दिन’ के फ्लॉप होने से काफी दुखी और परेशान हैं। हालांकि कुछ लोगों को फिल्म पसंद आई, लेकिन ज्यादातर को नहीं, पर यह सब काम का हिस्सा है।” जुनैद ने यह भी साफ किया कि भविष्य में वह फिल्मों के चयन को लेकर अपने पिता से सलाह लेने से बचेंगे।
आमिर ने ‘जबरन’ प्रोड्यूस की फिल्म!
फिल्म ‘एक दिन’ के पीछे का एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए जुनैद ने बताया कि यह थाई फिल्म ‘वन डे’ का रीमेक थी। सिद्धार्थ मल्होत्रा इसके राइट्स लेकर आए थे। जब जुनैद इस बारे में आमिर से बात करने पहुंचे, तो आमिर खुद सिद्धार्थ के पीछे पड़ गए कि वह इस फिल्म को प्रोड्यूस करेंगे क्योंकि इसमें उनका बेटा है। जुनैद ने मजाकिया लहजे में कहा, “पापा अच्छे प्रोड्यूसर हैं लेकिन वह एक फिल्म बनाने में 5 साल लगा देते हैं।”
डायरेक्शन के दौरान नर्वस हो जाते हैं ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’
जुनैद ने बताया कि आमिर खान अक्सर उन्हें अभिनय और सीन को लेकर निर्देश देते हैं, लेकिन इस प्रक्रिया में वह खुद नर्वस होने लगते हैं। जुनैद के अनुसार, आमिर को हमेशा यह चिंता रहती है कि सीन ठीक से हुआ या नहीं। फिलहाल जुनैद ने आमिर को अपने करियर के फैसलों में ज्यादा दखल देने से रोक दिया है ताकि वह अपनी पहचान खुद बना सकें।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया