मामी सुनीता संग कृष्णा अभिषेक का ‘पैचअप’, 14 साल बाद खत्म हुआ पारिवारिक ‘वनवास’; पर कश्मीरा शाह के एक बयान ने मचाई खलबली

मुंबई/मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड के ‘चीची’ यानी गोविंदा के परिवार में पिछले कई सालों से चला आ रहा कोल्ड वार आखिरकार खत्म होता नजर आ रहा है। मामा-भांजे की लड़ाई में सबसे बड़ी दीवार बनीं मामी सुनीता आहूजा और कृष्णा अभिषेक के बीच की कड़वाहट अब दूर हो गई है। हाल ही में एक शो के सेट पर जो नजारा दिखा, उसने फैंस को हैरान भी किया और खुश भी। लेकिन इस मिलन के बीच कश्मीरा शाह के एक रहस्यमयी बयान ने नई चर्चा छेड़ दी है कि क्या परिवार में अब किसी और के बुरे दिन शुरू होने वाले हैं?

‘लाफ्टर शेफ’ के सेट पर दिखा प्यार: 14 साल बाद मिट गई दूरियां

कृष्णा अभिषेक और उनकी मामी सुनीता आहूजा के बीच लंबे समय से बातचीत बंद थी। हालांकि कृष्णा ने मामा गोविंदा से पहले ही माफी मांग ली थी, लेकिन सुनीता उन्हें माफ करने को तैयार नहीं थीं। हाल ही में ‘लाफ्टर शेफ’ के सेट पर सुनीता ने न केवल कृष्णा और कश्मीरा के साथ मीडिया के सामने जमकर पोज दिए, बल्कि उन्हें गले भी लगाया। कृष्णा ने इस दिन को अपनी जिंदगी का ‘सबसे बड़ा दिन’ करार दिया।

सुनीता आहूजा का बड़ा बयान: ’14 साल का वनवास खत्म’

मीडिया के कैमरों के सामने पोज देते हुए सुनीता आहूजा भावुक नजर आईं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “14 साल के बाद आज वनवास फाइनली खत्म हुआ है।” इस बयान से साफ है कि अब परिवार में सुलह हो चुकी है और पुराने झगड़ों को दफन कर दिया गया है। फैंस इस वीडियो पर लगातार कमेंट कर रहे हैं कि गोविंदा परिवार को एक साथ देखना सुखद अहसास है।

कश्मीरा शाह का इशारा: ‘अब किसी और का वनवास शुरू होगा’

जहां एक तरफ सुलह का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं कश्मीरा शाह के एक कमेंट ने सबका ध्यान खींच लिया। सुनीता की ‘वनवास खत्म’ वाली बात पर प्रतिक्रिया देते हुए कश्मीरा ने तंज भरे लहजे में कहा, “अब किसी और का वनवास शुरू होगा।” खास बात यह रही कि सुनीता ने भी कश्मीरा की इस बात पर सहमति जताई। अब सोशल मीडिया पर लोग कयास लगा रहे हैं कि कश्मीरा का इशारा गोविंदा की फिजियोथेरेपिस्ट की ओर है या फिर परिवार के किसी और सदस्य की तरफ, जो उनके बीच दूरियां पैदा कर रहा था।

गोविंदा और सुनीता के बीच भी सब ठीक नहीं?

परिवार की इस सुलह के बीच खुद गोविंदा और सुनीता के रिश्तों को लेकर भी कई खबरें बाजार में गर्म हैं। हाल ही में सुनीता ने गोविंदा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें चीटिंग और बेटे यशवर्धन के करियर में मदद न करने जैसी बातें शामिल थीं। खबरें तो यहां तक हैं कि सुनीता पिछले कुछ समय से गोविंदा से अलग अपने बच्चों के साथ दूसरे घर में रह रही हैं। हालांकि गोविंदा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है, लेकिन सुनीता का यूट्यूब चैनल पर ‘साजिशों’ का जिक्र करना कुछ और ही कहानी बयां करता है।

Check Also

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग के बीच अमिताभ बच्चन को सता रही यह बड़ी परेशानी, ब्लॉग में बयां किया दर्द

हिंदी सिनेमा के महानायक और टेलीविजन की दुनिया के सबसे लोकप्रिय होस्ट अमिताभ बच्चन अपनी …