मुंबई : बॉलीवुड में जब भी कोई फिल्म लीक से हटकर ब्लॉकबस्टर साबित होती है, तो इंडस्ट्री के भीतर की गुटबाजी और ईर्ष्या भी खुलकर सामने आने लगती है। हालिया रिलीज ‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त सफलता के बीच अब जाने-माने फिल्ममेकर कुणाल कोहली ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने फिल्म जगत के ‘दोगलेपन’ पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुणाल के मुताबिक, इंडस्ट्री के बड़े डायरेक्टर्स को ‘धुरंधर’ के फ्लॉप होने का बेसब्री से इंतजार था।
“मंडे को फिल्म बैठ जाएगी”— बड़े निर्देशकों की भविष्यवाणी हुई फेल
‘स्क्रीन स्पॉटलाइट’ से बातचीत के दौरान कुणाल कोहली ने बताया कि जब ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट रिलीज हुआ था, तब इंडस्ट्री के बड़े नामों को इसकी सफलता पर बिल्कुल यकीन नहीं था। कुणाल ने कहा:
“बड़े से बड़े डायरेक्टर जिनसे मैंने फोन पर बात की, वे बोल रहे थे कि मंडे को फिल्म बैठ जाएगी। लेकिन मंडे को फिल्म और ज्यादा चलने लगी। इंडस्ट्री के 99 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि आप सफल न हों।”
कुणाल ने आगे बताया कि यही हाल ‘बॉर्डर 2’ के साथ भी हुआ था। जब फिल्म ने 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली, तब भी लोग उसकी कमियां निकालकर उसे नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे थे।
‘हम-तुम’ के वक्त भी हुआ था ऐसा ही बर्ताव
कुणाल कोहली ने अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म ‘हम तुम’ (2004) का किस्सा साझा करते हुए बताया कि प्रिव्यू शो के दौरान इंडस्ट्री के लोगों को फिल्म पसंद नहीं आई थी। इससे वे काफी डिप्रेशन में चले गए थे। तब आदित्य चोपड़ा ने उन्हें समझाया था कि इंडस्ट्री के लोगों की राय से परेशान न हों, क्योंकि यह फिल्म उस खास वर्ग (इंडस्ट्री के लोग) के लिए बनी ही नहीं है।
जाकिर खान के बयान पर छिड़ी बहस
हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान कॉमेडियन जाकिर खान ने भी तंज कसते हुए कहा था कि लोग ‘धुरंधर’ की कितनी भी तारीफ कर लें, लेकिन हकीकत में सबको ‘जलन’ हो रही है। हालांकि, अभिनेत्री अमीषा पटेल ने जाकिर के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि वे बेवजह नेगेटिविटी फैला रहे हैं।
कौन हैं कुणाल कोहली?
कुणाल कोहली ने अपने करियर की शुरुआत 90 के दशक में एक फिल्म क्रिटिक के तौर पर की थी। उन्होंने यशराज फिल्म्स के साथ ‘मुझसे दोस्ती करोगे’ (ऋतिक, करीना, रानी) से डेब्यू किया और फिर ‘हम तुम’ व ‘फना’ जैसी सुपरहिट फिल्में देकर अपनी पहचान बनाई।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया