
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) द्वारा 31 मौजूदा मुख्यमंत्रियों के चुनावी हलफनामों के आधार पर जारी रिपोर्ट में संपत्ति को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। देश के सभी मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति को मिला दिया जाए तो यह आंकड़ा 3,660 करोड़ रुपये तक पहुंचता है, जबकि प्रति मुख्यमंत्री औसत संपत्ति 118.07 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक देश में कुल चार मुख्यमंत्री अरबपति हैं। कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार 1,413 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री के रूप में शीर्ष पर हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू हैं, जिनके पास कुल 931 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
विजय थलपति और पेमा खांडू बने अरबपति, जानिए कितनी है कुल जायदाद
तमिलनाडु के सीएम और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) 648 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ देश के तीसरे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। उनके पास 404 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 220 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें 10 रिहायशी बंगले, 4 कमर्शियल इमारतें और 70 से 80 करोड़ रुपये का लग्जरी मकान शामिल है। वहीं चौथे स्थान पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू हैं, जिनकी कुल संपत्ति 332 करोड़ रुपये है। आंकड़ों के अनुसार 15 मुख्यमंत्रियों के पास 11 से 49 करोड़ रुपये के बीच की संपत्ति मौजूद है।
सुखविंदर सुखू से लेकर योगी आदित्यनाथ तक: जानिए सबसे कम अमीर सीएम कौन?
रिपोर्ट में अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों का भी ब्योरा दिया गया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू के पास 7.81 करोड़ रुपये, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास 5.80 करोड़ रुपये, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास 5.31 करोड़ रुपये और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास 1.97 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास 1.54 करोड़ रुपये और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के पास 1 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। सबसे कम संपत्ति घोषित करने वाले मुख्यमंत्रियों में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (85 लाख रुपये) और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (55 लाख रुपये, शून्य अचल संपत्ति) शामिल हैं। इसके अलावा 31 में से 14 मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की भी जानकारी दी है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया