मुंबई। कपिल शर्मा की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दादी की शादी’ कल यानी 8 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि इसके जरिए ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा साहनी अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले एक प्रमोशनल वीडियो सामने आया है, जिसमें कपिल शर्मा और नीतू कपूर ने शूटिंग के दौरान घटी एक ऐसी घटना का जिक्र किया है, जिसने कपूर खानदान के चिराग रणबीर कपूर को चिंता में डाल दिया था।
जब सरहद पर बढ़ा तनाव और डर गए रणबीर
कपिल शर्मा ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि जब फिल्म का आउटडोर शूट चल रहा था, उस समय भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसी तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। माहौल इतना गंभीर था कि रणबीर कपूर अपनी मां नीतू कपूर की सुरक्षा को लेकर काफी परेशान हो गए थे। कपिल ने याद दिलाया कि रणबीर ने नीतू जी को फोन करके तुरंत वापस घर लौटने के लिए कहा था।
नीतू कपूर का जवाब: “यह सबसे सुरक्षित जगह है”
रणबीर की फिक्र पर नीतू कपूर ने जो जवाब दिया, वह काफी दिलचस्प था। नीतू ने बताया, “मैंने रणबीर से कहा कि यह सबसे सुरक्षित जगह है, यहां कोई बम नहीं मारेगा।” नीतू कपूर ने आगे कहा कि युद्ध जैसी स्थिति के बावजूद फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू काम जारी रखने के लिए एक्साइटेड थी। रिद्धिमा साहनी ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा कि फिल्म इतने प्यार से बन रही थी कि कोई भी इसे बीच में छोड़कर जाना नहीं चाहता था।
रिद्धिमा की कास्टिंग के पीछे की मजेदार कहानी
फिल्म में नीतू कपूर की बेटी के रोल के लिए रिद्धिमा साहनी को कास्ट करने के पीछे भी एक रोचक वजह है। कपिल शर्मा ने खुलासा किया कि डायरेक्टर आशीष आर. मोहन को नीतू जी की बेटी के रोल के लिए किसी ऐसी एक्ट्रेस की तलाश थी जो उनके साथ फिट बैठ सके। समस्या यह थी कि नीतू कपूर अपनी असल उम्र से काफी छोटी दिखती हैं, इसलिए रिद्धिमा ही इस रोल के लिए सबसे सटीक पसंद साबित हुईं। नीतू ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार रिद्धिमा से इस रोल के लिए पूछा, तो रिद्धिमा भी जोर से हंसीं और तुरंत हां कह दिया।
रिद्धिमा का डेब्यू और समारा का कैमियो
‘दादी की शादी’ में न केवल रिद्धिमा साहनी डेब्यू कर रही हैं, बल्कि उनकी बेटी और नीतू कपूर की नातिन समारा का भी इसमें एक खास कैमियो है। फिल्म के निर्देशक आशीष आर. मोहन ने बताया कि जब उन्होंने नीतू कपूर को फिल्म की कहानी सुनाई, तो आधे घंटे का नरेशन करीब पौने तीन घंटे तक चला, क्योंकि नीतू जी पूरी कहानी सुनते हुए लगातार हंसती रहीं। यह फिल्म एक कंप्लीट फैमिली एंटरटेनर होने का वादा करती है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया