मुंबई। बॉलीवुड की सबसे चहेती सास-बहू की जोड़ियों में से एक नीतू कपूर और आलिया भट्ट अक्सर अपनी बॉन्डिंग को लेकर चर्चा में रहती हैं। नीतू कपूर को फैंस ‘कूल सास’ का टैग देते हैं और हाल ही में उन्होंने खुद खुलासा किया है कि आखिर क्यों उनके और आलिया-रणबीर के रिश्ते इतने सुखद हैं। एक ही आलीशान बंगले में रहने के बावजूद नीतू कपूर ने अपने बच्चों की प्राइवेसी को लेकर कुछ सख्त नियम बनाए हैं, जिनका वह सख्ती से पालन करती हैं।
एक ही घर, पर प्राइवेसी में कोई समझौता नहीं
हाल ही में सोहा अली खान के पॉडकास्ट में बात करते हुए नीतू कपूर ने बताया कि आलिया और रणबीर के साथ एक ही बिल्डिंग में रहने के बावजूद वह उनके पर्सनल स्पेस में कभी दखल नहीं देतीं। नीतू ने कहा, “मुझे लगता है कि जब बच्चों की शादी हो जाती है, तो उन्हें आजाद छोड़ देना चाहिए। मैं उनके साथ रहती हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैं जब चाहूं उनके कमरे में चली जाऊं। मैं उन्हें पूरा स्पेस देती हूं।”
नीतू कपूर ने आगे खुलासा किया कि वह आलिया-रणबीर के हिस्से में तब तक नहीं जातीं, जब तक उन्हें बुलाया न जाए। उन्होंने कहा, “मैं नहीं चाहती कि उन्हें कभी ऐसा महसूस हो कि उनकी मां हर वक्त उनके आसपास ही बैठी रहती है। यहां तक कि छोटी राहा भी मेरे पास तब आती है जब वह फ्री होती है। मैं बिना बताए उनके पास कभी नहीं जाती।”
आलिया और रणबीर की पैरेंटिंग की जमकर की तारीफ
दादी नीतू कपूर अपनी पोती राहा और उसके माता-पिता की तारीफ करते नहीं थकतीं। उन्होंने आलिया और रणबीर को ‘शानदार माता-पिता’ बताया। नीतू ने कहा, “रणबीर एक कमाल के पिता हैं और आलिया भी बहुत अच्छी मां हैं। दोनों का शेड्यूल काफी बिजी रहता है, लेकिन इसके बावजूद वे राहा के लिए समय निकालना और उसकी परवरिश का खुद ध्यान रखना बखूबी जानते हैं।”
ऋषि कपूर को भी दी थी यही सलाह
दखलअंदाजी न करने का यह गुण नीतू में पुराना है। उन्होंने याद करते हुए बताया कि जब उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर की शादी हुई थी, तब ऋषि कपूर अक्सर रिद्धिमा को फोन किया करते थे। नीतू ने कहा, “मैं ऋषि जी को टोकती थी कि उसे हर दिन फोन मत करो। उनकी अपनी जिंदगी है, उनका अपना परिवार है। आपको थोड़ा पीछे हटना होगा। फोन करो, पर हर वक्त नहीं।”
250 करोड़ का आशियाना: पाली हिल में साथ रहता है परिवार
बता दें कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर नवंबर 2025 में अपने नए और बेहद महंगे घर ‘कृष्णा राज’ बंगले (पाली हिल) में शिफ्ट हुए हैं। इस प्रॉपर्टी की कीमत लगभग 250 करोड़ रुपये बताई जाती है। हालांकि पूरा परिवार एक ही घर में रहता है, लेकिन नीतू कपूर का अलग फ्लोर है और सबके अपने-अपने प्राइवेट स्पेस हैं, जिससे घर में शांति और प्यार बना रहता है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया