अयोध्या में हाहाकार: सरयू तट पर महायज्ञ की यज्ञशाला में लगी भीषण आग, धू-धू कर जला विशाल पंडाल, मौके पर पहुंचे मंत्री और आला अफसर

अयोध्या | राम नगरी अयोध्या से एक बड़ी और डरावनी खबर सामने आ रही है। यहां माझा जमथरा स्थित सरयू तट पर आयोजित हो रहे एक विशाल महायज्ञ के यज्ञ स्थल पर शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा पंडाल धुएं के गुबार और आग की लपटों से घिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

जीयर स्वामी के महायज्ञ में मची तबाही, मिनटों में राख हुआ पंडाल

जानकारी के अनुसार, सरयू किनारे स्थित बाटी बाबा स्थान के पास जीयर स्वामी की ओर से भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया था। इस यज्ञ के लिए बांस-बल्ली, घास-फूस और कपड़ों का उपयोग कर एक बेहद विशाल यज्ञशाला और पंडाल तैयार किया गया था। शुक्रवार को ही यज्ञ की मुख्य पूर्णाहुति और समापन हुआ था और शनिवार को कुछ अन्य अनुष्ठान होने थे। दोपहर के वक्त अचानक पंडाल के एक हिस्से से आग भड़क उठी और सूखे घास-फूस की वजह से चंद मिनटों में ही इसने विकराल रूप धारण कर लिया।

परिवहन मंत्री और प्रशासनिक अमला मौके पर, बचाव कार्य तेज

यज्ञशाला में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहले से तैनात फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए जिला मुख्यालय और अयोध्या मेला ड्यूटी से फायर ब्रिगेड की छह और गाड़ियों को तत्काल बुलाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू, जांच के आदेश

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) एमपी सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों को शांत कर दिया है। गनीमत रही कि यज्ञ का मुख्य समापन एक दिन पहले हो चुका था, जिससे वहां भीड़ तुलनात्मक रूप से कम थी। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के झुलसने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग कैसे लगी, इसकी विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी को कारण माना जा रहा है।

हापुड़ में भी अग्नि तांडव: टैक्सटाइल फैक्ट्री में लाखों का नुकसान

इसी बीच उत्तर प्रदेश के हापुड़ से भी आगजनी की एक बड़ी खबर आई है। मोहल्ला किशनगंज में मोहम्मद यूसुफ की टैक्सटाइल फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखी मशीनें और तैयार माल जलकर राख हो गया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार इस हादसे में लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

Check Also

Vrindavan Omaxe Mall Accident: वृंदावन में बड़ा हादसा, ओमैक्स मॉल में अचानक गिरी भारी शटरिंग; 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर

धर्मनगरी मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध ओमैक्स मॉल परिसर में निर्माण और मरम्मत कार्य के …