
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। बुधवार को जब पीएम मोदी का विशेष विमान ‘एअर इंडिया वन’ इजरायल के लिए उड़ान भर रहा था, तब आसमान में एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हुआ। उड़ान के दौरान प्रधानमंत्री के विमान की लोकेशन दुनिया में सबसे ज्यादा बार सर्च की गई, जिसने ग्लोबल एविएशन ट्रैकिंग साइट्स के सर्वर पर हलचल मचा दी।
फ्लाइट रडार पर दुनिया ने देखा लाइव मूवमेंट
दुनियाभर के विमानों के मूवमेंट पर रियल टाइम नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म ‘फ्लाइटरडार’ (Flightradar) के आंकड़ों ने इस ऐतिहासिक उड़ान की पुष्टि की है। डेटा के मुताबिक, बुधवार शाम करीब पौने चार बजे जब पीएम मोदी की फ्लाइट सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र को पार करते हुए जॉर्डन की सीमा में प्रवेश कर रही थी, उस वक्त दुनियाभर के 7,184 लोग इस वीवीआईपी विमान को लाइव ट्रैक कर रहे थे। इस दौरान यह पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा ट्रैक किया जाने वाला विमान बन गया।
पाकिस्तान और ईरान को छोड़ इस रास्ते इजरायल पहुंचे पीएम
सुरक्षा और रणनीतिक कारणों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी के विमान ने पाकिस्तान और ईरान के हवाई क्षेत्र (Airspace) का पूरी तरह से परहेज किया। ‘एअर इंडिया वन’ ने नई दिल्ली के पालम एयर फोर्स स्टेशन से उड़ान भरने के बाद सीधा गुजरात का रुख किया। वहां से अरब सागर के ऊपर से होते हुए विमान ओमान पहुंचा। इसके बाद यह सऊदी अरब और जॉर्डन के हवाई रास्तों से होते हुए इजरायल की सीमा में दाखिल हुआ और अंततः तेल अवीव के प्रसिद्ध बेन गुरियन (Ben Gurion) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई।
आसमान में उड़ता अभेद्य किला है ‘एअर इंडिया वन’
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस अहम यात्रा के लिए ‘एअर इंडिया वन’ (Air India One) विमान का इस्तेमाल किया है, जो सुरक्षा के लिहाज से भारत का सबसे खास और ताकतवर विमान माना जाता है। इस वीवीआईपी विमान का इस्तेमाल मुख्य रूप से देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति करते हैं। यह विमान किसी उड़ते हुए अभेद्य किले से कम नहीं है। इसमें एक अत्याधुनिक कमांड सेंटर, एन्क्रिप्टेड सिक्योर कम्युनिकेशन नेटवर्क और किसी भी तरह के मिसाइल हमले को नाकाम करने वाला हाई-टेक डिफेंस सिस्टम लगा हुआ है। सामान्य तौर पर भारत से इजरायल की इस हवाई यात्रा में करीब 6 से 7 घंटे का समय लगता है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया