कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले राज्य में राजनीतिक मर्यादाएं तार-तार होती नजर आ रही हैं। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। कल्याण बनर्जी ने न केवल अमित शाह को अपशब्द कहे, बल्कि उन्हें खुलेआम ‘उल्टा लटका देने’ की धमकी भी दे डाली।
“हिम्मत है तो बिना पुलिस के बंगाल आएं”
वायरल वीडियो में कल्याण बनर्जी पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपना आपा खोते दिखे। उन्होंने गृह मंत्री पर हमला बोलते हुए कहा, “अमित शाह गुंडा हैं, वे एक जल्लाद और बेहद गंदे (डर्टी) आदमी हैं।” टीएमसी सांसद यहीं नहीं रुके, उन्होंने अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा, “आप पुलिस लेकर हीरो बनते हैं, अगर हिम्मत है तो बिना सुरक्षा के बंगाल आइए। आप कितने लोगों को झुलाएंगे? हम आपको ही झुलाकर रख देंगे। आप एक कायर हैं।”
अमित शाह के ‘उल्टा लटकाने’ वाले बयान पर पलटवार
दरअसल, कल्याण बनर्जी का यह गुस्सा अमित शाह के उस बयान के जवाब में आया है, जो उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान दिया था। चंदननगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा था, “मैं दीदी (ममता बनर्जी) के गुंडों को चेतावनी देना चाहता हूं कि वे मतदाताओं को डराना बंद करें। 4 मई के बाद भाजपा सत्ता में आएगी और दोषियों को चुन-चुन कर सजा देगी और उन्हें उल्टा लटकाकर सीधा कर देगी।”
चुनाव आयोग और पुलिस के दुरुपयोग का आरोप
कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय बलों, पुलिस और चुनाव आयोग का सहारा ले रही है। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह ने 15 दिनों तक बंगाल में रुककर टीएमसी नेताओं को धमकाने की योजना बनाई है। टीएमसी सांसद ने कहा कि भाजपा हार के डर से इस तरह की भाषा और हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है।
नतीजों से पहले बढ़ा तनाव
4 मई को होने वाली मतगणना से पहले बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच जुबानी जंग हिंसक मोड़ लेती दिख रही है। एक ओर जहां भाजपा ‘भ्रष्टाचार और हिंसा’ को मुद्दा बनाकर सत्तारूढ़ दल को घेर रही है, वहीं टीएमसी ‘बाहरी बनाम बंगाली’ और ‘केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग’ का कार्ड खेल रही है। कल्याण बनर्जी के इस ताजा बयान ने राज्य में पहले से ही गर्म सियासी माहौल में घी डालने का काम किया है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया