‘रामायण’ का टीजर पहले US में क्यों? उठ रहे सवालों पर भड़के प्रोड्यूसर नमित, बोले- ‘हमें बंटना नहीं चाहिए’

मुंबई: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज है। गुरुवार को जब फिल्म का टीजर ‘रामा’ (Raama) नाम से रिलीज हुआ, तो सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। लेकिन इस उत्साह के बीच एक विवाद ने भी जन्म ले लिया। दरअसल, भारत में टीजर लॉन्च होने से ठीक पहले इसके प्रीमियर की झलक अमेरिका (लॉस एंजिल्स और न्यूयॉर्क) में दिखाई गई, जिससे भारतीय फैंस ने नाराजगी जाहिर की। अब फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और तीखा जवाब दिया है।

‘डिवाइड मत हो, रामायण पूरी दुनिया के लिए है’

टीजर लॉन्च के मौके पर नमित मल्होत्रा ने उन लोगों को जवाब दिया जो भारत से पहले विदेश में प्रीमियर पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने कहा, “कृपया डिवाइड मत होइए। यह समय अलग होने का नहीं है। अमेरिका में रहने वाले भारतीयों ने इसकी तारीफ की है और हमें धन्यवाद दिया है।” नमित ने आगे भावुक होते हुए कहा, “पूरी दुनिया में भारतीय बसे हैं। हमें बंटना नहीं चाहिए। यह एक ही दुनिया है, एक ही रामायण है और एक ही राम हैं। हमारा विजन इस महान गाथा को पूरी दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाना है।”

4000 करोड़ का बजट और भव्य स्टारकास्ट

‘रामायण’ भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है। एक पॉडकास्ट में नमित ने इसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया था। फिल्म की स्टारकास्ट भी उतनी ही भव्य है:

  • रणबीर कपूर: भगवान राम

  • साई पल्लवी: माता सीता

  • यश (KGF फेम): रावण

  • सनी देओल: हनुमान

  • रवि दुबे: लक्ष्मण

दो भागों में रिलीज होगी फिल्म: दिवाली पर मचेगा धमाल

निर्देशक नितेश तिवारी ने इस प्रोजेक्ट पर पिछले 7 साल से काम किया है। फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है:

  1. पहला पार्ट: साल 2026 की दिवाली के मौके पर।

  2. दूसरा पार्ट: साल 2027 की दिवाली पर।

जब रणबीर ने ठुकरा दिया था राम का रोल

टीजर लॉन्च के दौरान रणबीर कपूर ने एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इस रोल को करने से मना कर दिया था क्योंकि उन्हें डर था कि वह इस महान चरित्र के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे। रणबीर ने कहा, “मेरी लाइफ में एक प्यारा इत्तेफाक हुआ। जब मैं पिता बना, तो मेरी सोच और लाइफस्टाइल बदल गई। उसी दौरान मुझे दोबारा यह मौका मिला और मैंने इसे भगवान का आशीर्वाद मानकर स्वीकार कर लिया।”

Check Also

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग के बीच अमिताभ बच्चन को सता रही यह बड़ी परेशानी, ब्लॉग में बयां किया दर्द

हिंदी सिनेमा के महानायक और टेलीविजन की दुनिया के सबसे लोकप्रिय होस्ट अमिताभ बच्चन अपनी …