Rajpal Yadav News: करोड़ों के कर्ज विवाद पर छलका राजपाल यादव का दर्द, बोले- 100-200 लोगों से पैसे लिए हैं तो घर पहुंचा दूंगा

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और हास्य कलाकार राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस मामले और करोड़ों रुपये के पुराने कर्ज विवाद को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। लगातार कानूनी दांव-पेंच और आर्थिक कठिनाइयों के बीच अब अभिनेता ने खुलकर अपनी बात रखी है।  राजपाल यादव ने अपने स्वाभिमान, कला और कर्ज चुकाने की प्रतिबद्धता पर बेबाकी से जवाब दिया।

अगर 100-200 लोगों से पैसे लिए हैं तो उनके घर पहुंच जाएंगे: राजपाल यादव

आर्थिक तंगी और विवादों पर बात करते हुए राजपाल यादव ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे किसी का हक नहीं मारेंगे। उन्होंने कहा, “मैं अपने करियर को लेकर पूरी तरह समर्पित हूं। मैं इंडियन सिनेमा का आर्ट स्टूडेंट हूं। अगर मैंने पिछले 30-40 सालों में गांव से लेकर मुंबई तक 100-200 लोगों से पैसे लिए हैं, तो वो पैसे उनके घर पहुंच जाएंगे। मुझे भलीभांति पता है कि किसका कितना बकाया है। लेकिन जब फंड मुश्किल में हो, तो कोई कलाकार के पूरे बायोडाटा पर दांव कैसे लगा सकता है?”

मुझे पैसों से कोई नहीं खरीद सकता, मैं कला के लिए बिका हूं

अभिनेता ने आगे कहा कि उनके कठिन समय में भी उनके प्रति दर्शकों के प्यार में कोई कमी नहीं आई है। राजपाल ने कहा, “राजपाल यादव चाहे मुश्किल दौर में हो या अच्छे वक्त में, आज भी एयरपोर्ट पर 500 लोग मेरे साथ सेल्फी लेते हैं। मैं एक जिम्मेदार एक्टर हूं। मुझे कोई 5, 10, 100 या 250 करोड़ रुपये में भी नहीं खरीद सकता, क्योंकि मैं बचपन से ही अपनी कला के नाम पर बिका हुआ हूं। मुझे पैसों में तौलना नामुमकिन है। मैंने न तो फिल्में बनाकर कुछ खोया है और न ही घर या करियर बनाकर।”

13 सालों में 250 करोड़ रुपये का निजी नुकसान

राजपाल यादव ने यह भी दावा किया कि पिछले 13 वर्षों के दौरान वित्तीय विवादों और मिस हुए प्रोजेक्ट्स के कारण उन्हें लगभग 200 से 250 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी फीस में भारी कटौती हुई और कई विदेशी टूर छूट गए, लेकिन उन्होंने कभी अपनी कला से समझौता नहीं किया।

क्या है पूरा मामला और वर्कफ्रंट

गौरतलब है कि राजपाल यादव साल 2010 में अपनी निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए लिए गए कर्ज और चेक बाउंस मामले को लेकर कानूनी विवाद में फंसे थे। हाल ही में उनकी संपत्तियों को लेकर भी नोटिस जारी हुए थे। हालांकि, इन सब विवादों के बीच राजपाल यादव लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स में सक्रिय हैं। वे जल्द ही प्रियदर्शन की नई फिल्म ‘हैवान’ और सलमान खान की आगामी फिल्म में अपनी दमदार अदाकारी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे।

Check Also

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग के बीच अमिताभ बच्चन को सता रही यह बड़ी परेशानी, ब्लॉग में बयां किया दर्द

हिंदी सिनेमा के महानायक और टेलीविजन की दुनिया के सबसे लोकप्रिय होस्ट अमिताभ बच्चन अपनी …