रिंकू सिंह का बढ़ा कद! IPL 2026 से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, क्रिकेटर आज बनेंगे खेल अधिकारी; कई दिग्गज खिलाड़ी होंगे सम्मानित

लखनऊ: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांचक आगाज से ठीक पहले टीम इंडिया के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज रिंकू सिंह को खेल जगत में उनकी उपलब्धियों के लिए एक बड़ा सम्मान देने जा रही है। मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी (RSO) पद का नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। रिंकू के साथ ही प्रदेश के कई अन्य अंतरराष्ट्रीय और पैरालंपिक पदक विजेताओं को भी सरकारी नौकरियों की सौगात दी जाएगी।

पेरिस के नायकों को मिलेगा पुलिस और प्रशासन में ऊंचा पद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज केवल रिंकू सिंह ही नहीं, बल्कि पेरिस ओलंपिक और पैरालंपिक में देश का तिरंगा ऊंचा करने वाले खिलाड़ियों पर भी सौगातों की बौछार करेंगे। भारतीय हॉकी टीम के सदस्य और पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता राजकुमार पाल (गाजीपुर) को पुलिस विभाग में डीएसपी (DSP) बनाया जाएगा। वहीं, पेरिस पैरालंपिक की ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रवीण कुमार (गौतमबुद्धनगर) को भी डीएसपी पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

भाला फेंक में रजत जीतने वाले अजीत सिंह (इटावा) और 200 मीटर दौड़ में कांस्य जीतने वाली सिमरन (गाजियाबाद) को जिला पंचायत राज अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा, पैरालंपिक की स्टार धाविका प्रीतिपाल (मुजफ्फरनगर) को खंड विकास अधिकारी (BDO) के रूप में नियुक्ति पत्र मिलेगा।

लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से महकेगा लोकभवन

इस विशेष अवसर पर वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश के 9 दिग्गज खिलाड़ियों को ‘लक्ष्मण’ और ‘रानी लक्ष्मीबाई’ अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के तहत प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख 11 हजार रुपये की नकद धनराशि और एक कांस्य प्रतिमा प्रदान की जाएगी। सामान्य वर्ग में हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह, जिम्नास्टिक के अभिजीत कुमार और कुश्ती के जोंटी कुमार को लक्ष्मण अवॉर्ड मिलेगा। वहीं, एथलेटिक्स की प्राची, तान्या चौधरी और शतरंज की वंतिका अग्रवाल को रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। पैरा वर्ग में यश कुमार और प्रगति केसरवानी भी इस सम्मान की फेहरिस्त में शामिल हैं।

करोड़ों की पुरस्कार राशि का होगा वितरण

योगी सरकार खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए खजाना खोलने जा रही है। समारोह में प्रदेश के 14 पदक विजेता खिलाड़ियों को 1 करोड़ 64 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसमें पैरा पावरलिफ्टिंग के विनय को सबसे अधिक 40 लाख रुपये, जबकि वुशू, शूटिंग और पर्वतारोहण के खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपये का चेक सौंपा जाएगा। इसके अतिरिक्त, 19 अन्य उभरते खिलाड़ियों को ‘एकलव्य क्रीड़ा कोष’ के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

खेल और खिलाड़ी: यूपी बना नया हब

इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह संदेश दे रहे हैं कि उत्तर प्रदेश अब खेलों के लिए एक सुरक्षित और बेहतर भविष्य वाला प्रदेश बन चुका है। रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों को गजटेड ऑफिसर का पद देकर सरकार ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का मास्टरस्ट्रोक खेला है। आईपीएल के व्यस्त शेड्यूल से पहले रिंकू सिंह के लिए यह पद मिलना उनके मनोबल को सातवें आसमान पर ले जाएगा।

Check Also

UP-Japan Investment Meet: ‘यूपी में लगाएं उद्योग, हर कदम पर मिलेगा पूरा सहयोग’, जापानी CEOs से बोले सीएम योगी; 500 एकड़ की ‘जापानी सिटी’ और ₹3191 करोड़ के प्रोजेक्ट्स से खुलेंगे 10 हजार नौकरियों के द्वार

लखनऊ/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र और 1 ट्रिलियन डॉलर की …