Lucknow Weather Update: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह मौसम के मिजाज ने अचानक करवट ली, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। भीषण आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते हवाई यातायात पर सबसे बुरा असर पड़ा है। दिल्ली से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को लैंडिंग में विफल रहने के बाद भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। खास बात यह है कि इस विमान में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री, केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सवार थे।
तीन बार फेल हुई लैंडिंग, भोपाल में सुरक्षित उतरे डिप्टी सीएम
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लखनऊ के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-6476 सुबह करीब 8:30 बजे लखनऊ के आसमान पर थी। उस समय शहर में धूल भरी तेज आंधी और काले बादलों के चलते विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। पायलट ने अमौसी एयरपोर्ट पर तीन बार विमान को लैंड कराने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के कारण सफलता नहीं मिली। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तुरंत भोपाल की ओर मोड़ दिया गया, जहां डिप्टी सीएम समेत सभी यात्री सुरक्षित हैं।
दिन में छाया अंधेरा, सड़कों पर भरा पानी
सुबह सवा आठ बजे के करीब लखनऊ के कई हिस्सों में अचानक अंधेरा छा गया, जिससे वाहन चालकों को लाइटें जलानी पड़ीं। करीब डेढ़ घंटे तक चली भीषण आंधी और बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। सुल्तानपुर रोड सहित राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। हालांकि, इस बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है।
अगले 72 घंटे रहें सावधान: ओले गिरने की संभावना
मौसम विभाग (IMD) ने लखनऊ और आसपास के जिलों के लिए अगले तीन दिनों का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार दोपहर बाद तेज बारिश के साथ ओले (Hailstorm) गिरने की भी प्रबल संभावना है। धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का यह सिलसिला अगले तीन दिनों तक जारी रह सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया