
एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार इन दिनों अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म का ट्रेलर और गाने रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है। चर्चा का विषय है 58 साल के अक्षय कुमार और 32 साल की अभिनेत्री वामिका गब्बी के बीच उम्र का 26 साल का बड़ा फासला। फिल्म के रोमांटिक गानों में दोनों की केमिस्ट्री देख कुछ लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं, तो कुछ ने अक्षय की उम्र पर सवाल उठाए हैं। अब अभिनेता ने इन तमाम आलोचनाओं पर चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।
स्क्रिप्ट की मांग और हॉलीवुड का हवाला
एक इंटरव्यू के दौरान जब अक्षय कुमार से वामिका गब्बी के साथ रोमांस और उम्र के अंतर पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से कहा, “तो क्या हुआ? क्या हमने ऐसा पहले कभी नहीं देखा? हॉलीवुड में भी तो ऐसा ही होता है।” अक्षय ने आगे तर्क देते हुए कहा कि कई बार यह फिल्म की स्क्रिप्ट की मांग होती है। उन्होंने वास्तविक जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि असल जिंदगी में भी बहुत से लोग अपने से काफी बड़े या छोटे पार्टनर से शादी करते हैं, तो फिर फिल्मों में इसे मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है?
‘असली उम्र और फिल्मी उम्र में होता है फर्क’
फिल्म ‘भूत बंगला’ के निर्देशक प्रियदर्शन ने भी अक्षय का बचाव किया है। उन्होंने दिग्गज अभिनेताओं एमजीआर और एनटीआर का जिक्र करते हुए कहा कि एक कलाकार की असली उम्र और उसकी ‘फिल्मी उम्र’ में जमीन-आसमान का अंतर होता है। प्रियदर्शन ने कहा, “जब मैं अक्षय या तब्बू के साथ शूटिंग करता हूं, तो मुझे स्क्रीन पर उन्हें देखने में कोई दिक्कत नहीं होती। दर्शक भी किरदारों को उनकी कहानी के हिसाब से स्वीकार करते हैं, न कि उनके आधार कार्ड की उम्र देखकर। फिल्म में उनके लुक और किरदार की उम्र मायने रखती है।”
वामिका की मेहनत के मुरीद हुए अक्षय
आलोचनाओं को किनारे रख अक्षय कुमार अपनी को-स्टार वामिका गब्बी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। उन्होंने शूटिंग के दिनों को याद करते हुए बताया कि वामिका अपने काम को लेकर बेहद गंभीर रहती हैं। अक्षय ने कहा, “वह बहुत अलग तरीके से काम करती हैं, अपने सीन्स को बार-बार पढ़ती हैं और खूब अभ्यास करती हैं।” अक्षय ने वामिका की तुलना तब्बू और विद्या बालन जैसी मंझी हुई अभिनेत्रियों से करते हुए उन्हें एक समर्पित कलाकार बताया।
10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी ‘भूत बंगला’
बता दें कि ‘भूत बंगला’ के जरिए अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की ब्लॉकबस्टर जोड़ी पूरे 16 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। यह एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है जिसे सेंसर बोर्ड से भी हरी झंडी मिल चुकी है। फिल्म में अक्षय और वामिका के अलावा तब्बू, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फैंस को उम्मीद है कि यह जोड़ी एक बार फिर ‘भूल भुलैया’ जैसा जादू बिखेरने में कामयाब होगी।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया