‘आज की हीरोइनें रिस्क नहीं लेना चाहतीं…’, अक्षय कुमार ने खोला बॉलीवुड का बड़ा राज, यंग स्टार्स को दी ये नसीहत

मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली मेगा-बजट और मल्टी-स्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ (Welcome To The Jungle) को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म में अक्षय के साथ 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस रवीना टंडन से लेकर आज के दौर की ग्लैमरस दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस जैसे कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। 90 के दशक से लेकर आज तक तीन पीढ़ियों की हीरोइनों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके अक्षय कुमार ने हाल ही में एक इंटरव्यू में पुरानी और नई जनरेशन की एक्ट्रेसेस के बीच के बड़े अंतर को उजागर किया है और आज की अभिनेत्रियों की एक बड़ी हिचकिचाहट पर खुलकर बात की है।

‘इंडस्ट्री में आने से पहले ही सब सीखकर आती हैं आज की एक्ट्रेसेस’

अक्षय कुमार से जब पूछा गया कि उन्होंने 90 के दशक में रवीना टंडन, 2000 के दौर में लारा दत्ता और अब दिशा पाटनी जैसी यंग एक्ट्रेसेस के साथ काम किया है, तो उन्हें अलग-अलग जनरेशन की हीरोइनों में क्या अंतर नजर आता है? इस पर अक्षय ने आईएएनएस (IANS) से बातचीत में नई जनरेशन की तारीफ करते हुए कहा, “भावनात्मक रूप से और खूबसूरती के मामले में सभी कमाल की हैं। लेकिन हां, एक बड़ा अंतर यह है कि आज की एक्ट्रेसेस हमसे कहीं ज्यादा तैयार (Well-Prepared) होकर आती हैं। उन्हें सब कुछ पहले से पता होता है। वे इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले ही एक्टिंग, डांस और ग्रूमिंग सब कुछ सीखकर आती हैं।”

डायरेक्टर अहमद खान को खलती है ‘कच्चेपन’ की कमी?

इस बातचीत के दौरान फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान ने भी अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि क्या एक्टर्स के इतना तैयार होकर आने की वजह से एक डायरेक्टर के तौर पर उन्हें उनके ‘कच्चेपन’ (Rawness) की कमी महसूस होती है? तो अहमद खान ने कहा, “पहले के दौर में एक्टर्स काफी ‘रॉ’ होते थे, जिन्हें हम डायरेक्टर्स सेट पर सिखाते थे कि क्या और कैसे करना है। लेकिन आज की पीढ़ी फंडामेंटली पूरी तरह करेक्ट होती है, उन्हें बहुत ज्यादा सिखाने की जरूरत नहीं पड़ती।”

‘मल्टी-स्टारर फिल्मों से डरती हैं आज की एक्ट्रेसेस, नहीं लेना चाहतीं रिस्क’

तारीफों के बीच अक्षय कुमार ने आज के यंग स्टार्स की एक कमजोरी पर भी बेबाकी से उंगली उठाई। अक्षय ने कहा, “आज की एक्ट्रेसेस अपने करियर में ज्यादा रिस्क नहीं लेना चाहती हैं, जबकि पहले की अभिनेत्रियां बड़े रिस्क लेने से नहीं डरती थीं। यही वजह है कि आज के दौर में ज्यादा मल्टी-स्टारर फिल्में नहीं बन पा रही हैं, क्योंकि आज की हीरोइनें स्क्रीन स्पेस शेयर करने से कतराती हैं और वे ऐसी फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं जहां कई और स्टार्स भी हों।”

अमिताभ-विनोद खन्ना का उदाहरण देकर यंग एक्टर्स से की ये खास अपील

अक्षय कुमार ने बॉलीवुड के सुनहरे दौर को याद करते हुए आज के सभी युवा कलाकारों से एक खास गुजारिश की। उन्होंने कहा, “अगर आप इतिहास उठाकर देखें तो अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, शशि कपूर और विनोद खन्ना जैसे दिग्गज कलाकार एक साथ मिलकर मल्टी-स्टारर फिल्मों में काम करते थे। मैं आज के सभी यंग स्टार्स से रिक्वेस्ट करना चाहता हूं कि प्लीज मल्टी-स्टारर फिल्में कीजिए। जब हम सब मिलकर काम करेंगे, तो यह हमारी पूरी फिल्म इंडस्ट्री के विकास के लिए बहुत अच्छा साबित होगा।”

आपको बता दें कि अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म में सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, जॉनी लीवर और श्रेयस तलपड़े जैसे शानदार कलाकारों की फौज देखने को मिलेगी।

Check Also

क्यों बार-बार बदला गया स्पाइडर-मैन का हीरो? सिर्फ उम्र या कहानी नहीं, बल्कि ये कॉर्पोरेट डील और अधिकार हैं असली वजह

हॉलीवुड और सुपरहीरो सिनेमा के इतिहास में स्पाइडर-मैन (Spider-Man) दुनिया का सबसे लोकप्रिय और चहेता …