
उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्वतंत्रता दिवस तथा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के आयोजनों की व्यापक समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए इस वर्ष कम से कम 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को जोड़ने का एक बड़ा माध्यम है। इसके साथ ही सरकार ने निर्देश दिए हैं कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का अनिवार्य रूप से प्रसारण सुनिश्चित किया जाए।
पिछले रिकॉर्ड्स को पार करने का लक्ष्य और झंडों की सुलभ उपलब्धता
मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में इस अभियान को अभूतपूर्व जनसहभागिता के साथ सफल बनाया है। वर्ष 2022 में प्रदेश के 4.10 करोड़ से अधिक, वर्ष 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ से अधिक तथा वर्ष 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इसी निरंतरता को आगे बढ़ाते हुए इस बार 5 करोड़ का आंकड़ा पार करने का लक्ष्य है।
राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण और वितरण को लेकर सीएम ने निर्देश दिए हैं कि इनकी समय पर समुचित व्यवस्था हो। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों (SHGs), खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई (MSME) इकाइयों तथा स्थानीय उत्पादन केंद्रों को सीधे जोड़ा गया है। राशन की उचित दर की दुकानें, ग्राम पंचायत भवन, जन सेवा केंद्र, तहसीलें, विकास खंड कार्यालय, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, डाकघर, पेट्रोल पंप और अन्य निर्धारित केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को आसानी से राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराया जाएगा ताकि किसी को असुविधा न हो।
काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस और विशेष स्वच्छता अभियान
आगामी 9 अगस्त को ‘काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस’ और 15 अगस्त को ‘स्वतंत्रता दिवस’ के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के साथ आयोजित किए जाएंगे। 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर के सभी स्वतंत्रता संग्राम स्मारकों, स्मृति स्थलों और शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इन स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, साज-सज्जा और प्रकाश व्यवस्था के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। आयोजनों में पुलिस बैंड की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी ताकि चारों ओर देशभक्ति का माहौल बने। साथ ही, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा और ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों व ग्राम सचिवालयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष प्रदर्शनियां और कैंडल मार्च
देश के विभाजन के दर्द और इतिहास की याद में 14 अगस्त को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर ‘विभाजन विभीषिका’ विषयक प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों में प्रत्येक जनपद के नामित मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। पंजाबी, सिंधी, बंगाली तथा बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों, जो विभाजन की त्रासदी से प्रभावित रहे हैं, उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके अलावा, इन परिवारों के साथ मिलकर जनपदों में कैंडल मार्च भी निकाले जाएंगे।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया